यूरोप में साइबर हमलावरों ने फ्रिज को फिर बनाया निशाना, इन देशों में सुपरमार्केट प्रभावित
क्या है खबर?
यूरोप में साइबर हमलावरों ने एक बार फिर सुपरमार्केट के फ्रिज और फ्रीजर को निशाना बनाया है। इसके चलते कई दुकानों में रखे खाने का तापमान अचानक बढ़ गया और बड़ी मात्रा में सामान खराब हो गया। एक महीने से भी कम समय में इस तरह की यह दूसरी घटना है। इससे यूरोप के जरूरी खाद्य भंडारण सिस्टम और उनकी डिजिटल सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल किसी ने इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है।
देश
नीदरलैंड, बेल्जियम और स्वीडन के स्टोर प्रभावित
रॉयटर्स के मुताबिक, इस बार नीदरलैंड की अहोल्ड डेलहाइज, बेल्जियम की कोलरूइट और स्वीडन की ICA व कूप के कई स्टोर प्रभावित हुए हैं।
बेल्जियम और लक्जमबर्ग में भी कई दुकानों के फ्रिज और फ्रीजर का तापमान अचानक बढ़ गया। स्वीडन में कूप के करीब 800 स्टोरों में से छह में परेशानी आई, जबकि आईसीए के कुछ स्टोर भी प्रभावित हुए।
हालांकि, सभी कंपनियों ने साइबर हमले की पुष्टि नहीं की है।
मामला
अक्टूबर में फ्रांस के सुपरमार्केट पर भी हुआ था हमला
इससे पहले 12 अक्टूबर को फ्रांस की कई बड़ी सुपरमार्केट चेन के रेफ्रिजरेशन सिस्टम पर साइबर हमला हुआ था।
उस दौरान सैकड़ों स्टोरों में फ्रिज और फ्रीजर की व्यवस्था प्रभावित हुई और बड़ी मात्रा में खाना खराब होने के बाद फेंकना पड़ा। उस घटना में डेनमार्क की कंपनी डैनफॉस के रेफ्रिजरेशन कंट्रोल सिस्टम को निशाना बनाया गया था।
फ्रांस की इस घटना के तीन हफ्ते से भी कम समय बाद यूरोप में फिर ऐसी परेशानी सामने आई है।
स्थिति
फ्रिज को नेटवर्क से हटाकर संभाली जा रही स्थिति
बेल्जियम की रेफ्रिजरेशन कंपनी सबकोबेल के प्रमुख ने बताया कि प्रभावित यूनिट को नेटवर्क से अलग करने के लिए रातभर लगातार काम किया गया।
कंपनी ने तकनीकी कर्मचारियों को भी तुरंत मौके पर भेजा। स्वीडन के एक ICA स्टोर ने बताया कि उसके फ्रिज और फ्रीजर का तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
कंपनियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि कितने स्टोर प्रभावित हुए और उनकी कूलिंग व्यवस्था को दोबारा सुरक्षित कैसे बनाया जाए।