Loading...
क्या SCO बैठक में पाकिस्तान उठा सकता है सिंधु जल मुद्दा? नामित मंत्री से आशंका बढ़ी
पाकिस्तान की ओर से भारत में होने वाली SCO बैठक में जलवायु पर्यावरण मंत्री मुसादिक मसूद मलिक आएंगे

क्या SCO बैठक में पाकिस्तान उठा सकता है सिंधु जल मुद्दा? नामित मंत्री से आशंका बढ़ी

लेखन गजेंद्र
Nov 18, 2026
07:14 pm

क्या है खबर?

दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के तहत सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पाकिस्तान भी शामिल होगा। भारत ने पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और सांस्कृतिक मंत्री औरंगजेब खान खिची को बुलाया था, लेकिन पाकिस्तानी सरकार उनकी जगह जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक को भेज रही है। मलिक वही हैं, जिन्होंने पिछले दिनों सिंधु समझौते को लेकर भारत के खिलाफ घृणित-हिंसक टिप्पणी की थी। पाकिस्तान मलिक को क्यों भेज रहा है? आइए, जानें।

पहचान

कौन हैं मलिक?

मलिक पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) के सीनेटर हैं। पार्टी अभी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व में है। मलिक को मार्च 2025 में जलवायु पर्यावरण मंत्री बनाया गया था।

इससे पहले वे पेट्रोलियम, पानी और ऊर्जा मंत्री थे। वह प्रधानमंत्री के विशेष सहायक और प्रवक्ता भी रहे हैं। अपनी भारत विरोधी टिप्पणी से वे चर्चा में आए थे।

मलिक पर अमेरिका में 5 साल के बच्चे का यौन उत्पीड़न करने का आरोप है, जो नवंबर 2018 में लगा था।

बयान

मलिक ने भारत के खिलाफ क्या कहा था?

भारत के साथ सिंधु जल विवाद के बीच मलिक ने जून 2026 में सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, "एक पड़ोसी देश के प्रधानमंत्री एक नल को कंट्रोल कर रहे हैं। वह कहते हैं कि वह पाकिस्तान में पानी की एक बूंद भी नहीं जाने देंगे। हम अपनी रक्षा खुद करेंगे। हमने यह साबित कर दिया है कि अगर कोई हमारे हिस्से के पानी पर हाथ उठाएगा, तो हम उसका हाथ काट देंगे।"

ADVERTISEMENT

आमंत्रण

मलिक को भारत क्यों भेज रहा पाकिस्तान?

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सरकार ने SCO बैठक में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए मुसादिक मसूद मलिक को नामित किया है।

मंत्रालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने खिची के शामिल न होने को लेकर कहा कि सरकार उपलब्धता के आधार पर प्रतिनिधित्व करने के लिए किसी भी मंत्री को नामित कर सकती है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सदस्य देशों के बीच बातचीत और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

ADVERTISEMENT

मुद्दा

क्या मलिक उठा सकते हैं सिंधु जल का मुद्दा?

SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम किसी विवादित मुद्दों पर बातचीत की बजाय सांस्कृतिक लेन-देन को बढ़ावा देता है। इसमें सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, कला, आर्किटेक्चर, भाषा-साहित्य, धार्मिक-दार्शनिक परंपरा पर बात होगी।

यह आयोजन नई दिल्ली के पुराना किला में होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में मलिक द्वारा सिंधु जल मुद्दा उठाने की बात सामने आई है, लेकिन पाकिस्तान ने कोई एजेंडा पेश नहीं किया है।

पाकिस्तान ने कल्चरल फ्रेमवर्क में अपनी भागीदारी के बारे में बताया है।

जानकारी

2023 में बिलावल भुट्टो आए थे भारत

मलिक से पहले मई 2023 में SCO विदेश मंत्रियों की बैठक में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी गोवा आए थे। तब से पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत नहीं आया। अक्टूबर 2024 में विदेश मंत्री एस जयशंकर SCO बैठक में इस्लामाबाद गए थे।

मुद्दा

अप्रैल 2025 के बाद से रद्द है सिंधु जल संधि

अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों पर आतंकी हमले के बाद भारत ने 1960 की सिंधु जल संधि को रद्द कर दिया है, जिसके बाद से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है।

पाकिस्तान अपनी खेती और पानी की जरूरतों के लिए सिंधु नदी पर निर्भर है। यह एक तरह से उसकी जीवन रेखा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुद्दे पर कहा है कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को सहयोग बंद नहीं करता संधि बहाल नहीं होगी।

आलोचना

कांग्रेस ने भी की है आलोचना

कांग्रेस के विदेश विभाग ने पाकिस्तानी मंत्री मलिक के SCO बैठक में आने की आलोचना की है।

विभाग के प्रमुख और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने पाकिस्तान के प्रति केंद्र के रवैये पर सवाल उठाया और कहा कि सरकार की नीति कभी साफ़ नहीं होती। कभी वे कुछ कहते हैं, कभी कुछ, यह कैसी पॉलिसी है?

खुर्शीद ने कहा कि वे जो कुछ भी दिखाना, करना या कहना चाहते हैं, उन्हें कम से कम उसे साफ़ करना चाहिए।

ADVERTISEMENT