दक्षिण एशियाई देशों में सबसे भ्रष्ट देश है अफगानिस्तान, भूटान सबसे ईमानदार
क्या है खबर?
दक्षिण एशियाई देशों में भूटान सबसे ईमानदार देश है। यह जानकारी भ्रष्टाचार धारणा सूचकांक (CPI) की 2024 की रिपोर्ट में सामने आई है। भूटान को खुशहाल देश का भी गौरव प्राप्त है।
ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल की ओर से संकलित रिपोर्ट में दक्षिण एशियाई देश अफगानिस्तान सबसे भ्रष्ट बताया गया है।
अफगानिस्तान में तालिबान सरकार आने के बाद से इसकी रैंकिंग और खराब हुई है।
रिपोर्ट में भारत और मालदीव का स्थान 96 है, जो दक्षिण एशिया देशों में अच्छी रैंक है।
रिपोर्ट
अन्य दक्षिण एशियाई देशों का क्या है हाल?
दक्षिण एशिया में कुल 8 देश हैं, जिसमें भूटान 100 में से 72 अंकों के साथ सबसे ईमानदार है। भूटान 180 देशों में 15वें स्थान पर है। इसके बाद भारत और मालदीव हैं, जिनको 38 अंक मिले हैं और 96 स्थान पर हैं।
नेपाल 34 अंकों के साथ 107, श्रीलंका 32 अंकों के साथ 121 स्थान पर है।
पाकिस्तान 27 अंकों के साथ 135, बांग्लादेश 23 अंकों के साथ 151 और अफगानिस्तार 17 अंकों के साथ 165 स्थान पर है।
पड़ोसी
भारत के पड़ोसी देशों का क्या है हाल?
भारत के पड़ोसी देशों में शामिल चीन 43 अंकों के साथ 76वें स्थान पर है। इससे पता चलता है कि चीन की स्थिति भ्रष्टाचार के मामलों में भारत से काफी अच्छी है।
भारत पिछले वर्ष की तुलना में 3 पायदान नीचे आ गया है, जिससे पता चलता है कि उसकी हालत भ्रष्टाचार के मामलों में खराब हुई है। इससे पहले 2023 में भारत की रैंक 93 थी, जबकि अब 96 है।
म्यांमार 17 अंकों के साथ 168वें स्थान पर है।
सबसे ईमानदार
कौन हैं 10 सबसे ईमानदार देश?
सबसे ईमानदार 10 देशों में पहले स्थान पर डेनमार्क, दूसरे पर फिनलैंड, तीसरे पर सिंगापुर, चौथे पर न्यूजीलैंड, पांचवे पर लेग्जमबर्ग, छठे पर नार्वे, सातवें पर स्विट्जरलैंड, आठवें पर स्वीडन, नौवे पर नीदरलैंड और दसवें पर ऑस्ट्रेलिया है।
इनको 100 में से क्रमश: 90, 88, 84, 83, 81, 81, 81, 80, 78 और 77 अंक मिले हैं।
अमेरिका भी पिछले एक दशक में 24वें स्थान से गिरकर 28वें स्थान पर आ गया है। उसे 100 में 65 अंक मिले हैं।
जानकारी
कैसे होती है CPI की गणना?
CPI 180 देशों और क्षेत्रों को उनके सार्वजनिक क्षेत्र के भ्रष्टाचार के कथित मामलों के आधार पर विशेषज्ञ-व्यवसायियों के अनुसार शून्य से 100 तक अंक देता है। अगर देश को शून्य मिले तो वह सबसे भ्रष्ट और 100 मिले, तो सबसे ईमानदार देश होता है।
भ्रष्ट
सबसे भ्रष्ट देश कौन?
सबसे भ्रष्ट 10 देशों में दक्षिण सूडान, सोमालिया, वेनेजुएला, सीरिया, यमन, लीबिया, इरित्रिया, निकारागुआ, सूडान और उत्तर कोरिया शामिल है।
इनकी रैंक क्रमश: 180, 179, 178, 177, 173, 173, 172, 172, 170, 170 हैं। अत्यधिक 10 भ्रष्ट देशों में शामिल सभी देशों को 100 में से 8 से लेकर 15 के बीच में अंक मिले हैं।
ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल ने कहा कि न्यायपालिका द्वारा बड़े भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई न करने के कारण मेक्सिको की रैंकिंग भी गिर गई।