Page Loader
मेक्सिको में पहली महिला राष्ट्रपति चुनी गईं क्लाउडिया शिनबाम, 60 प्रतिशत वोट हासिल किए
मेक्सिको को क्लाउडिया शिनबाम पहली महिला राष्ट्रपति बनीं

मेक्सिको में पहली महिला राष्ट्रपति चुनी गईं क्लाउडिया शिनबाम, 60 प्रतिशत वोट हासिल किए

लेखन गजेंद्र
Jun 03, 2024
01:42 pm

क्या है खबर?

मेक्सिको के इतिहास में पहली बार देश को महिला राष्ट्रपति मिली हैं। 61 वर्षीय क्लाउडिया शिनबाम ने 58 से 60 प्रतिशत मत हासिल कर जीत हासिल की है। BBC के मुताबिक, शिनबाम ने अपनी मुख्य प्रतिद्वंद्वी और व्यवसायी जोचिटल गाल्वेज पर 30 प्रतिशत से अधिक की बढ़त बनाई है। शिनबाम 1 अक्टूबर को अपने मार्गदर्शक, निवर्तमान राष्ट्रपति आंद्रेस मैनुअल लोपेज ओब्रेडोर का स्थान लेंगी। उन्होंने जीत के बाद अपने भाषण में कहा कि वह मतदाताओं को निराश नहीं करेंगी।

जीत

मेक्सिको की पहली मेयर रह चुकी हैं शिनबाम

राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ने से पहले शिनबाम मेक्सिको सिटी की मेयर थीं। वह 2018 में पहली महिला मेयर बनीं और 2023 तक पद पर रहीं। उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव के लिए पद छोड़ दिया। लोपेज ओब्रेडोर 2018 से सत्ता में हैं। वह मेक्सिको के संविधान के तहत दूसरे कार्यकाल के लिए चुनाव नहीं लड़ सकते थे। मेक्सिको राष्ट्रपतियों को 6 साल के एकल कार्यकाल तक सीमित करता है। मैक्सिको में मेयर को प्रभावशाली राजनीतिक पदों में मानते हैं।

परिचय

कौन हैं क्लाउडिया शिनबाम?

शिनबाम के यहूदी नाना-नानी नाजियों से बचकर बुल्गारिया से मैक्सिको आए थे। उनके दादा-दादी लिथुआनिया से थे। शिनबाम के माता-पिता दोनों ही वैज्ञानिक थे। शिनबाम ने ऊर्जा इंजीनियरिंग में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त करने से पहले भौतिकी का अध्ययन किया था।₹ उन्होंने कैलिफोर्निया की प्रसिद्ध अनुसंधान प्रयोगशाला में मैक्सिकन ऊर्जा खपत पैटर्न का अध्ययन किया और जलवायु परिवर्तन की विशेषज्ञ बन गईं। उस अनुभव के आधार पर वह मेक्सिको सिटी की पर्यावरण सचिव बनी थीं। उस समय ओब्रेडोर मेयर थे।