ब्रिटेन के प्रधानमंत्री स्टार्मर ईरान युद्ध से दूर रहेंगे, कहा- होर्मुज शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेंगे
क्या है खबर?
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने बुधवार को एक बार फिर स्पष्ट किया कि उनका देश ईरान, अमेरिका और इजरायल के युद्ध में नहीं शामिल होगा। उन्होंने इसकी जगह अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए आगे आकर पहल करने की बात कही है। स्टार्मर ने कहा कि विदेश सचिव यवेट कूपर होर्मुज पर चर्चा करने के लिए कम से कम 35 देशों के नेताओं की शिखर सम्मेलन में मेजबानी करेंगी।
बयान
राष्ट्रहित में करूंगा निर्णय- स्टार्मर
स्टार्मर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "मुझ पर और दूसरों पर चाहे कितना दबाव, कितना शोर हो, मैं अपने सभी निर्णयों में ब्रिटिश राष्ट्रहित को ध्यान में रखकर कार्य करूंगा। इसीलिए मैंने यह स्पष्ट किया है कि यह हमारा युद्ध नहीं है, और हम इसमें घसीटे नहीं जाएंगे।" उन्होंने तेल और गैस संकट पर कहा, "इस युद्ध का प्रभाव हमारे देश के भविष्य पर पड़ेगा। मैं ब्रिटिश जनता को आश्वस्त करता हूं कि हम इसका सामना करने में सक्षम हैं।"
धमकी
ट्रंप की धमकी पर क्या बोले स्टार्मर?
स्टार्मर ने ट्रंप की धमकियों पर कहा कि वह अमेरिका के ऊपर यूरोप को नहीं चुन रहे और ब्रिटेन NATO के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। स्टार्मर ने कहा, "अमेरिका-यूरोप के साथ मजबूत संबंध रखना हमारे हित में है...लेकिन जब रक्षा, सुरक्षा, ऊर्जा और अर्थव्यवस्था की बात आती है, तो हमें यूरोप के साथ और भी मजबूत संबंध की जरूरत है।" अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को ब्रिटेन को तेल के लिए मदद देने से इनकार किया था।