
BSF जवान की मौत: बांग्लादेश के गृहमंत्री बोले- जरूरत पड़ी तो अमित शाह से करुंगा बात
क्या है खबर?
हाल ही में बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड्स (BGB) की गोली लगने से सीमा सुरक्षा बल (BSF) के एक हेड कॉन्स्टेबल की मौत हो गई थी।
बांग्लादेश के गृह मंत्री अस्दुज्जमां खान ने कहा कि BSF जवान की मौत 'गलतफहमी' थी। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वो इस मामले में भारतीय गृह मंत्री अमित शाह से बात करेंगे।
गुरुवार को फ्लैग मीटिंग के दौरान BGB जवान की गोली से BSF जवान विजय भान सिंह की मौत हो गई थी।
प्रतिक्रिया
BSF ने कहा- बिना उकसावे BGB ने चलाई गोली
BGB ने कहा कि BSF की टीम अवैध तरीके से बांग्लादेश में घुसकर उसकी हिरासत में लिए गए भारतीय मछुआरों को रिहा कराने की कोशिश में की थी। इसलिए आत्मरक्षा में गोली चलाई गई।
वहीं BSF ने कहा था कि बिना किसी उकसावे के बांग्लादेश की तरफ से गोली चलाई गई थी। BSF टीम ने इसकी जवाबी कार्रवाई भी नहीं की।
बता दें यह घटना पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले से लगती बांग्लादेश की सीमा पर हुई थी।
घटना
मछुआरों को रिहा कराने के लिए बुलाई गई थी फ्लैग मीटिंग
BSF ने बताया कि BGB ने पदमा नदी में मछली पकड़ रहे तीन भारतीय मछुआरों को हिरासत में लिया था।
बाद में उन्होंने दो मछुआरों को फ्लैग मीटिंग के लिए BSF को बुलाने के लिए छोड़ दिया।
उन मछुआरों ने आकर BSF को घटना की जानकारी दी। इसके बाद जवान मीटिंग के लिए गए।
BSF ने कहा कि मीटिंग के दौरान BGB ने न सिर्फ मछुआरों को छोड़ने से इनकार किया बल्कि जवानों को भी बंधक बनाने का प्रयास किया।
घटना
BGB के जवानों ने पीछे से चलाई गोली
माहौल को देखकर BSF पार्टी मौके से वापस लौट रही थी कि तभी पीछे से BGB के एक जवान ने गोली चला दी।
एक गोली सिंह के सिर, जबकि एक गोली कॉन्स्टेबल राजवीर यादव के हाथ पर लगी।
सिंह की मौके पर मौत हो गई, वहीं यादव ने घायल अवस्था में जैसे-तैसे नाव को भारतीय सीमा में पहुंचाया।
यादव को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कहा जा रहा है कि एक मछुआरा अभी भी BGB की हिरासत में है।