अयातुल्ला खामेनेई के शीर्ष सहयोगी की अमेरिका को चेतावनी, कहा- ट्रंप को चुकानी होगी इसकी कीमत
क्या है खबर?
इजरायल और अमेरिका के संयुक्त रूप से ईरान पर हमला करने के बाद पश्चिम एशिया में हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। इजरायल-अमेरिकी हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई समेत कई बड़े नेताओं की मौत हो गई। इस बीच रविवार को ईरान के सुरक्षा प्रमुख और खामेनेई के प्रमुख सहयोगी अली लारीजानी ने अमेरिका को साधी चेतावनी देते हुए कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इसकी कीमत चुकानी होगी। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा।
धमकी
लारीजानी ने किस तरह दी धमकी?
लारीजानी ने एक्स पर लिखा, 'हम अपने नेता और अपनी जनता के खून का बदला निर्दयतापूर्वक लेंगे। ट्रंप को इसकी कीमत चुकानी होगी और वह चुकाएंगे।' इसी तरह उन्होंने सरकारी टीवी को दिए एक साक्षात्कार में कहा, "ईरान ट्रंप को नहीं छोड़ेगा। हम उनसे बदला लेंगे। उन्हें अपने किए की सजा भुगतनी ही होगी। उन्होंने हमारे नेता की हत्या की और हमारे 1,000 से अधिक लोगों को शहीद कर दिया। यह कोई मामूली मामला नहीं है।"
दावा
लारीजानी ने किया अमेरिका और इजरायल को नुकसान पहुंचाने का दावा
लारीजानी ने आगे कहा, "अमेरिकी और इजरायली ठिकानों पर हमारे हमले जारी हैं और हमने उन्हें भारी नुकसान पहुंचाया है। हमने अमेरिका के कुछ सैनिकों को भी पकड़ लिया है। अमेरिका ने सोचा था कि वह वेनेजुएला की तरह ही कम समय में युद्ध समाप्त कर सकता है, लेकिन वह असफल रहे हैं।" उन्होंने पड़ोसी देशों से कहा कि वह अमेरिका को अपनी धरती से ईरान पर हमला करने से रोकें, अन्यथा हमें भी हमलों का जवाब देना होगा।
परेशानी
ईरान के संदर्भ को नहीं समझते अमेरिकी- लारीजानी
लारीजानी ने कहा, "मुझे लगता है कि अमेरिकियों के सामने सबसे महत्वपूर्ण समस्या यह है कि वे पश्चिम एशिया, विशेष रूप से ईरान के संदर्भ को नहीं समझते हैं। उनकी धारणा यह थी कि यह वेनेजुएला जैसा होगा- वे हमला करेंगे, नियंत्रण हासिल करेंगे और सब खत्म हो जाएगा, लेकिन अब वे फंस गए हैं।" बता दें कि लारीजानी देश के प्रमुख धर्मगुरु सादेक लारीजानी के भाई हैं। सादेक सर्वोच्च नेता पद के संभावित दावेदार हैं।
जवाब
ट्रंप ने क्या दिया जवाब?
ट्रंप ने लारीजानी द्वारा दी गई धमकियों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें इसकी बिल्कुल परवाह नहीं है और वह पहले ही हार चुके हैं। उन्होंने CBS न्यूज से कहा, "मुझे बिलकुल भी पता नहीं कि वह क्या कह रहा है, वह कौन है। मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। लारीजानी पहले ही हार चुका है।" ट्रंप ने दोहराया कि ईरान पर अमेरिकी हमले लगातार जारी रहेंगे। ईरान को इसे रोकने के लिए बना शर्त आत्मसमर्पण करना होगा।
हालात
अमेरिका-इजराइल-ईरान युद्ध की वर्तमान स्थिति
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिका और इजरायल ईरान के साथ एक उच्च-तीव्रता वाले सैन्य संघर्ष में लगे हुए हैं। रविवार तड़के इजरायल ने तेहरान में स्थित शाहरान तेल डिपो सहित ईरान के तेल अवसंरचना को निशाना बनाया। ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGS) ने कहा कि उन्होंने बहरीन में अमेरिका के जुफैर बेस पर हमला किया है। इसका इस्तेमाल एक ईरानी विलवणीकरण संयंत्र को निशाना बनाने के लिए किया गया था।