जापानी खरबूजे का मजाक कर विवादों में फंसे ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज, जानिए पूरा मामला
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची द्वारा उपहार में दिए गए 'क्राउन मेलन' (शाही खरबूजे) पर की गई अपनी एक टिप्पणी को लेकर विवाद में पड़ गए हैं। एक पूर्व जापानी राजदूत ने प्रधानमंत्री की इस टिप्पणी को 'महिला विरोधी' और दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों का अपमान बताया है। यह पूरा विवाद निक्की ओसबोर्न द्वारा होस्ट किए गए हास्य पॉडकास्ट 'बुश डीप' के दौरान उनके बयानों के बाद शुरू हुआ।
बयान
अल्बनीज ने जापानी खरबूजों के बारे में क्या कहा?
पॉडकास्ट एपिसोड में अल्बनीज ने ताकाइची द्वारा उपहार में दिए गए क्राउन मेलन्स को काफी अजीब बताया, लेकिन बाद में कहा कि वे अंततः काफी अच्छे निकले।
उपहार के बारे में चर्चा करते समय उन्होंने अपने सीने के पास हाथ के इशारे भी किए।
ओसबोर्न ने ताकाइची की शक्ल-सूरत पर मजाक करते हुए कहा कि वह पामेला एंडरसन जैसी दिख रही थीं।
अल्बनीज ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "वह 2 (खरबूजे) लाई थीं और वे बहुत सुंदर हैं।"
आलोचना
पूर्व राजदूत ने की अल्बनीज की टिप्पणियों की आलोचना
ऑस्ट्रेलिया में जापान के पूर्व राजदूत शिंगो यामागामी ने अल्बनीज की टिप्पणियों को लिंगभेदी मजाक बताते हुए उनकी कड़ी आलोचना की और कहा कि इससे दोनों देशों के बीच मजबूत संबंध कमजोर होते हैं।
द ऑस्ट्रेलियन के लिए लिखे एक संपादकीय में यामागामी ने जापान में क्राउन मेलन के उच्च मूल्य पर प्रकाश डाला, जिसकी कीमत 30,000 येन (लगभग 17,900 रुपये) से अधिक है। अल्बनीज को अनुचित तुलना किए बिना जापान के उपहारों का आनंद लेना चाहिए।
माफी
विपक्षी नेताओं ने की माफी की मांग
विरोध के बावजूद अल्बनीज ने अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांगने से इनकार कर दिया है।
उन्होंने तर्क दिया कि उनकी सरकार के तहत ऑस्ट्रेलिया और जापान के संबंध पहले से कहीं अधिक मजबूत हैं।
विपक्षी नेताओं ने माफी मांगने की मांग की है। लिबरल सांसद मैरी एल्ड्रेड ने इन टिप्पणियों को अभद्र और घटिया बताया है।
हालांकि, अल्बनीज ने संसद में इन दावों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, "मैं प्रश्न में दिए गए दावे को खारिज करता हूं।"
विवाद
अल्बनीज ने काइली मिनोग पर की गई टिप्पणियों के लिए माफी थी मांगी
यह पहली बार नहीं है जब अल्बनीज अपने पॉडकास्ट इंटरव्यू को लेकर विवादों में घिरे हैं।
इससे पहले उन्होंने उसी पॉडकास्ट पर पॉपस्टार काइली मिनोग के बारे में अनुचित टिप्पणियों के लिए माफी मांगी थी।
इन विवादों के बावजूद वित्त मंत्री केटी गैलाघर ने कहा कि "इन बयानों का वह अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए जैसा कि हमारे राजनीतिक विरोधी और कुछ मीडिया आउटलेट रिपोर्ट कर रहे हैं। यह सही तरीका नहीं है।"