पाकिस्तान के क्वेटा में बम धमाका, 16 की मौत, 24 घायल
क्या है खबर?
पाकिस्तान के क्वेटा में हुए बम धमाके में कम से कम 16 लोग मारे गए और 24 लोग घायल हो गये।
यह धमाका क्वेटा की हजारगंज सब्जी मंडी में हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि इस धमाके में हजारा समुदाय के लोगों को निशाना बनाया गया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आलू की बोरी में IED लगाया था, जिससे यह धमाका हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंच घटना की जांच शुरू कर दी है।
घटना
सुबह 8 बजे हुआ धमाका
धमाके में मारे गए लोगों में सात लोग हजारा समुदाय के थे। सुरक्षाबलों ने बताया कि धमाके में मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है।
मृतकों में एक जवान और बाकी मंडी में काम करने वाले स्थानीय लोग शामिल हैं।
यह धमाका शुक्रवार सुबह लगभग 8 बजे हुआ। धमाके में दुकान के आसपास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है।
घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राहत एजेंसियां मौके पर पहुंच बचाव अभियान चला रही है।
जानकारी
इमरान खान ने की हमले की निंदा
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने धमाके में घायल हुए लोगों के इलाज के लिए बेहतर व्यवस्था के आदेश दिए हैं।
ट्विटर पोस्ट
इमरान खान ने की निंदा
PM @ImranKhanPTI strongly condemns #QuettaBlast and directs to provide best possible medical treatment to injured https://t.co/gd4CO7BFTC #Quetta, #Balochistan pic.twitter.com/ZaS4Ihtf90
— Radio Pakistan (@RadioPakistan) April 12, 2019
पुरानी घटनाएं
पहले भी निशाने पर रहे हैं हजारा
हजारा समुदाय अफगानिस्तान का तीसरा सबसे बड़ा समुदाय बताया जाता है।
अफगानिस्तान में जब तालिबान का शासन था, तब इन पर जुल्म ढहाए गए थे। इसके बाद बड़ी संख्या में हजारा लोगों ने पाकिस्तान में आकर शरण ले ली थी।
इसके बाद अलग-अलग हमलों में सैंकड़ों हजारा लोगों की जान गई हैं। पाकिस्तान मानवाधिकार संगठन के मुताबिक, पिछले पांच सालों में 509 हजारा लोग धमाकों में अपनी जान गंवा चुके हैं।