डोनाल्ड ट्रंप के फ्लोरिडा स्थित घर में जबरन घुसा हथियारबंद युवक, सुरक्षाकर्मियों ने मारी गोली
क्या है खबर?
अमेरिका के फ्लोरिडा में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मार-ए-लागो रिसॉर्ट के प्रतिबंधित सुरक्षा क्षेत्र में जबरन प्रवेश करने वाले एक 20 वर्षीय हथियारबंद युवक को सीक्रेट सर्विस के एजेंटों और पाम बीच काउंटी शेरिफ के एक पुलिस अधिकारी ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। सीक्रेट सर्विस ने बताया कि घटना के समय राष्ट्रपति ट्रंप वाशिंगटन में थे और उस संपत्ति पर कोई भी संरक्षित व्यक्ति मौजूद नहीं था। आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।
घटनाक्रम
रिसॉर्ट में कैसे घुसा युवक?
सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने बताया कि युवक वेस्ट पाम बीच एस्टेट के उत्तरी गेट के पास पहुंचा, जिसके हाथ में एक शॉटगन और एक ईंधन का डिब्बा प्रतीत हो रहा था। उसके बाद वह रिसॉर्ट के चारों ओर बने सुरक्षा घेरे में घुस गया। वहां पुलिसकर्मियों और पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय के एक अधिकारी के साथ उसकी मुठभेड़ हुई। इसमें गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
जांच
युवक की पहचान नहीं की गई है उजागर
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवक के परिजनों को सूचित किए जाने तक उसकी पहचान गुप्त रखी गई है। घटना में सीक्रेट सर्विस या शेरिफ के किसी भी कर्मचारी को चोट नहीं आई है। अधिकारियों ने बताया कि सीक्रेट सर्विस और पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय संयुक्त रूप से इस पूरी घटना की जांच कर रहे हैं। इसमें आरोपी व्यक्ति की पृष्ठभूमि, हरकतें और रिसॉर्ट में घुसने के संभावित मकसद का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।