LOADING...
ब्रिटेन: पूर्व प्रिंस एंड्रयू माउंटबेटन जन्मदिन पर गिरफ्तार, एपस्टीन मामले में आया था नाम 
एपस्टीन फाइल विवाद के बीच ब्रिटेन के पूर्व प्रिंस गिरफ्तार

ब्रिटेन: पूर्व प्रिंस एंड्रयू माउंटबेटन जन्मदिन पर गिरफ्तार, एपस्टीन मामले में आया था नाम 

लेखन आबिद खान
Feb 19, 2026
05:50 pm

क्या है खबर?

ब्रिटेन से बड़ी खबर सामने आ रही है। किंग चार्ल्स के छोटे भाई और पूर्व प्रिंस एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को सार्वजनिक पद के दुरुपयोग के आरोपों में गिरफ्तार किया गया है। ये घटनाक्रम ऐसे वक्त सामने आया है, जब एंड्रयू के नाम अमेरिका के यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों में सामने आया है। इस मामले में एंड्र्यू के खिलाफ ब्रिटेन पुलिस जांच कर रही है। अब उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

रिपोर्ट

सादे कपड़ों में पहुंचे पुलिसकर्मी

रिपोर्ट के मुताबिक, 6 वाहनों में सवार होकर सादी कपड़ों में 8 पुलिसकर्मी वोल्फर्टन स्थित एंड्रयू के आवास पर पहुंचे थे। थेम्स वैली पुलिस ने पुष्टि की कि अधिकारी बर्कशायर में एक घर की तलाशी ले रहे थे। पुलिस ने कहा, "जांच के हिस्से के तौर पर हमने आज 60 साल के शख्स को सरकारी पद का दुरुपयोग करने के शक में गिरफ्तार किया है और उसके ठिकानों पर तलाशी ले रहे हैं।" आज ही एंड्रयू का जन्मदिन है।

बयान

किंग चार्ल्स बोले- कानून अपना काम करेगा

एंड्रयू की गिरफ्तारी पर किंग चार्ल्स तृतीय की भी प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने पूर्ण, निष्पक्ष और उचित जांच की मांग की। उन्होंने कहा, "मुझे एंड्रयू के बारे में जुड़ी खबर से अत्यंत चिंता हुई है। अब इस मामले की उचित जांच के लिए अधिकारियों द्वारा पूर्ण, निष्पक्ष और उचित प्रक्रिया अपनाई जाएगी। जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, इसमें हमारा पूरा समर्थन और सहयोग है। मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं, कानून को अपना काम करना ही होगा।"

Advertisement

आरोप

एंड्रयू पर क्या हैं आरोप?

एंड्रयू पर आरोप है कि उन्होंने 2010 में एपस्टीन को गोपनीय सरकारी दस्तावेज दिए थे। हाल ही में जारी एपस्टीस फाइल्स में ये जानकारी सामने आई थी। इन दस्तावेजों में ये भी दावा था कि एपस्टीन ने एंड्रयू के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए एक महिला को ब्रिटेन भेजा था। एपस्टीन मामले की एक पीड़िता ने भी आरोप लगाया था कि 2001 में जब वह 17 साल की थी तब एंड्रयू ने उनका यौन शोषण किया था।

Advertisement

उपाधियां

एंड्रयू से छीनी गई थीं शाही उपाधियां, आवास भी छोड़ना पड़ा था

एपस्टीन मामले में नाम सामने आने के बाद ब्रिटेन के किंग चार्ल्स ने अपने एंड्रयू से 'प्रिंस' का खिताब और सभी शाही उपाधियां छीन ली थीं। उनसे विंडसर स्थित उनके आलीशान घर को भी खाली करा लिया गया था। इसके बाद वे सैंड्रिंघम एस्टेट (नॉरफॉक) में एक निजी आवास में रह रहे थे। हाल ही में एंड्रयू को ड्यूक ऑफ यॉर्क का खिताब इस्तेमाल करने से भी रोक दिया गया था।

परिचय

कौन हैं एंड्रयू?

एंड्रयू क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय और प्रिंस फिलिप की तीसरी संतान हैं। वह किंग चार्ल्स द्वितीय और रॉयल प्रिंसेज एनि के छोटे भाई हैं। उनकी शादी सारा फर्गुसन से हुई है, जिनसे उनकी 2 बेटियां हैं- प्रिंसेस बीट्रिस और प्रिंसेस यूजिनी। एंड्रयू करीब 22 साल रॉयल नेवी में रहे हैं। 1982 के फाल्कलैंड युद्ध के दौरान उन्होंने एक हेलिकॉप्टर पायलट के तौर पर काम किया था। वे ब्रिटिश सरकार के विशेष दूत भी रह चुके हैं।

Advertisement