LOADING...
अमेरिका: जॉर्जिया में कुत्ते को मारने पर पुलिस ने किशोर को गोली मारी, मौत
अमेरिका के जॉर्जिया में पुलिस ने 17 वर्षीय किशोर को गोली मारी (प्रतीकात्मक तस्वीर: अनस्प्लैश)

अमेरिका: जॉर्जिया में कुत्ते को मारने पर पुलिस ने किशोर को गोली मारी, मौत

लेखन गजेंद्र
Sep 04, 2023
06:34 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के जॉर्जिया में पुलिसिया कुत्ते को मारने और अधिकारियों पर बंदूक तानने के आरोपी एक 17 वर्षीय किशोर को पुलिस ने गोली मार दी। CNN के मुताबिक, क्लेटन काउंटी पुलिस विभाग के सहायक प्रमुख ब्रूस पार्क्स ने बताया कि किशोर की पहचान स्टीफन फोर्ड के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि गोलीबारी सुबह 2 बजे से ठीक पहले जॉर्जिया के जोन्सबोरो में हुई, जो अटलांटा से लगभग 27 किलोमीटर दक्षिण में है।

घटना

क्या है पूरा मामला?

रिपोर्ट के मुताबिक, जोन्सबोरो पुलिस विभाग एक होटल में 3 पुरुषों की संदिग्ध गतिविधि पर प्रतिक्रिया दे रहा था। इस दौरान तीनों ने भागने की कोशिश की, जिनमें से 2 को पुलिस ने पकड़ लिया। तीसरे की तलाश में पुलिस क्लेटन काउंटी पुलिस विभाग के पास पहुंची। काउंटी पुलिस ने एक पुलिस K-9 इकाई भेजी, जिसने पास के जंगली इलाके में छिपे संदिग्ध का पता लगाया। मौके पर पुलिस ने संदिग्ध को बाहर आने के लिए कहा।

गोलीबारी

बाहर आने की कहने पर मृतक ने शुरू की गोलीबारी

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाहर आने के लिए कहने पर किशोर ने कथित तौर पर एक हैंडगन निकाली और गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे पुलिस का कुत्ता घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने किशोर से हथियार छोड़ने को कहा तो उसने अधिकारियों पर बंदूक तान दी। इसके बाद पुलिस की गोलीबारी में वह मारा गया। घटना में कोई नागरिक हताहत नहीं हुआ। मामले की जांच जॉर्जिया ब्यूरो ऑफ इंवेस्टिगेशन को सौंपी गई है।