अजित डोभाल ने बीजिंग में चीनी उपराष्ट्रपति हान झेंग से की मुलाकात, जानिए क्या हुई चर्चा
क्या है खबर?
भारत और चीन के बीच जारी कूटनीतिक वार्ताओं के तहत भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल ने मंगलवार को बीजिंग में चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग से मुलाकात की। यह मुलाकात विदेश मंत्री वांग यी के साथ भारत-चीन सीमा मुद्दे पर विशेष प्रतिनिधियों की 25वें दौर की वार्ता से पहले हुई है। भारतीय दूतावास ने इस बैठक की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों नेताओं के बीच सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखने पर चर्चा हुई।
बयान
भारतीय दूतावास ने क्या दिया बयान?
चीन स्थित भारतीय दूतावास ने कहा, "डोभाल और उपराष्ट्रपति हान ने दोनों देशों के बीच बनी सहमति के अनुसार सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता को मजबूत करने और आर्थिक, राजनीतिक और बहुपक्षीय मंचों पर द्विपक्षीय संबंधों को और बेहतर बनाने के तरीकों पर चर्चा की।"
बता दें कि डोभाल चीनी विदेश मंत्री वांग यी के निमंत्रण पर 2 दिवसीय आधिकारिक यात्रा के लिए बीजिंग पहुंचे हैं। इस यात्रा को काफी अहम माना जा रहा है।
तैयारी
विशेष प्रतिनिधियों की व्यवस्था
भारत-चीन के बीच 3,488 किलोमीटर लंबी सीमा पर चल रहे सीमा विवाद को सुलझाने के लिए 2003 में विशेष प्रतिनिधि तंत्र की स्थापना की गई थी।
चीन के विदेश मंत्रालय ने इस तंत्र को सीमा संबंधी मुद्दों पर बातचीत के लिए मुख्य चैनल और आपसी संचार के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बताया है।
आगामी वार्ता महत्वपूर्ण है क्योंकि यह वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर वर्षों से दोनों देशों के बीच चले आ रहे तनाव के बाद हो रही है।
प्रयास
संबंधों को स्थिर करने के लिए पहले किए गए प्रयास
वार्ता का 24वां दौर पिछले साल अगस्त में आयोजित किया गया था, जिसमें दोनों पक्ष कई सामान्य सहमतियों पर पहुंचे थे।
ये चर्चाएं 2020 में गलवान घाटी में हुई झड़प और पूर्वी लद्दाख में सैन्य गतिरोध के बाद संबंधों को स्थिर करने के प्रयासों के बीच हो रही हैं।
डोभाल और वांग की मुलाकात इससे पहले जून में BRICS राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक के दौरान हुई थी, जिसे भारत के विदेश मंत्रालय ने रचनात्मक और दूरदर्शी बताया था।