एयर कनाडा के पायलट ने फर्जी लाइसेंस के सहारे 17 साल उड़ाया यात्री विमान, अब गिरफ्तार
क्या है खबर?
कनाडा में एयर कनाडा के एक पूर्व पायलट को फर्जी लाइसेंस लेकर यात्री विमान उड़ाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसकी पहचान 59 वर्षीय जेफ्री वॉल के रूप में हुई है। ओंटारियो की पील शहर पुलिस ने बताया कि आरोपी ने 2009 से 2025 तक 17 वर्षों के दौरान 900 से अधिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन किया, जबकि उसके पास कोई उचित पायलट लाइसेंस नहीं था। उसने विमान संचालन से पहले अनिवार्य परीक्षण नहीं दिया था।
जांच
4 महीने की जांच के बाद गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि आरोपी को 4 महीने की जांच के बाद 1 जून को गिरफ्तार किया गया है। उसके ऊपर धोखाधड़ी समेत 7 आरोप लगाए गए हैं। पील क्षेत्रीय पुलिस के उप प्रमुख मिलिनोविच ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि यह जांच और इससे जुड़े विवरण किसी फिल्म की पटकथा की तरह लगते हैं। उन्होंने बताया कि वॉल पायलट इन कमांड के पद तक पहुंचे थे, जहां उन्होंने बोइंग 767, 777 और 787 विमान उड़ाए थे।
खुलासा
कैसे हुआ खुलासा?
CNN के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि वॉल को 2025 में सेवानिवृत्ति के बाद उनके प्रमाणपत्रों की नियमित जांच के दौरान पकड़ा गया था। जनवरी में "प्रोजेक्ट इकारस" नामक नियामक और आपराधिक जांच शुरू होने से पहले वे सेवानिवृत्त हो गए थे। उनके प्रमाणपत्रों में गड़बड़ी के बाद एयर कनाडा ने नियामकों को सूचित किया। वॉल पर ट्रांसपोर्ट कनाडा ने 7 आपराधिक आरोप लगाए हैं। उसे 29 जून, 2026 को अदालत में पेश किया जाएगा।
जांच
सेवा के दौरान 19.18 करोड़ रुपये वेतन पाया
पुलिस ने बताया कि अपनी सेवा के दौरान पायलट ने 20 लाख डॉलर (करीब 19.18 करोड़ रुपये) वेतन प्राप्त किया। वॉल को एयर कनाडा के साथ अपने पूरे 27 साल के करियर के दौरान वाणिज्यिक विमान उड़ाने का लाइसेंस प्राप्त था, लेकिन उनके पास कभी भी हवाई जहाजों के लिए एयरलाइन ट्रांसपोर्ट पायलट लाइसेंस (ATPL-A) नहीं था, जो 2009 में कप्तान के पद पर पदोन्नत होने के समय आवश्यक था। आरोपी ने नियोक्ता और नियामक दोनों को गलत जानकारी दी।
बयान
एयर कनाडा ने क्या कहा?
एयर कनाडा ने घटना पर बयान जारी कर कहा, "इस घटना से कोई नुकसान नहीं पहुंचा क्योंकि एयर कनाडा के सभी पायलटों को अपनी उड़ान क्षमता को प्रमाणित करने के लिए हर 6 महीने में अनिवार्य आवर्ती प्रशिक्षण से गुजरना पड़ता है, जिसमें हर 12 महीने में ट्रांसपोर्ट कनाडा के प्रमाणित चेक-पायलट उड़ान जांच करती है। हालांकि, उचित लाइसेंसिंग सुरक्षा के लिए अनिवार्य है, इसलिए एयर कनाडा इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेता है।"