LOADING...
वियतनाम में 15 भारतीयों की मौत पर कार्रवाई, पुलिस ने नाव कैप्टन को हिरासत में लिया
वियतनाम पुलिस ने नाव कैप्टन को हिरासत में ले लिया है

वियतनाम में 15 भारतीयों की मौत पर कार्रवाई, पुलिस ने नाव कैप्टन को हिरासत में लिया

Jul 12, 2026
07:19 pm

क्या है खबर?

वियतनाम में 15 भारतीय पर्यटकों की जान लेने वाले नाव हादसे के बाद प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने स्पीड नाव के कैप्टन गुयेन होंग हेई को हिरासत में लेकर आपराधिक जांच शुरू कर दी है। कैप्टन पर जलमार्ग सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने का आरोप है। इसी तरह भारतीय दूतावास ने बताया कि मृतकों के शव भारत भेजने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है, जबकि एक घायल का इलाज अब भी अस्पताल में चल रहा है।

कारण

कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस

पुलिस यह पता लगा रही है कि हादसा लापरवाही की वजह से हुआ या इसके पीछे कोई और कारण था। वियतनाम प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आपराधिक जांच तेज कर दी है। स्थानीय जांच एजेंसियां बोट की मौजूदा स्थिति, सुरक्षा के इंतजाम, हादसे के समय वहां के मौसम की परिस्थितियों की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं। पुलिस का पूरा ध्यान इस बात पर है कि कहीं जानबूझकर सुरक्षा नियमों का उल्लंघन तो नहीं किया गया था।

हादसा

कैसे हुआ था यह हादसा?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब एक बजे ओशन पीयर आइलैंड कंपनी की ओर से संचालित स्पीडबोट हॉन मे रट नाम की जगह से पर्यटकों को लेकर एन थॉई पोर्ट की ओर जा रही थी। फु क्वोक हवाई अड्डे से लगभग 25 किलोमीटर दूर होन मे रट एन्ग्वाई नाम की जगह से करीब 400 मीटर दूर नाव पलट गई। इसमें 15 भारतीयों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य को बचा लिया गया। एक पर्यटक की हालत गंभीर है।

Advertisement

यात्रा

मोबाइल कंपनी द्वारा प्रबंधित यात्रा पर गए थे पयर्टक

दूतावास के अनुसार, भारतीय नागरिक एक मोबाइल कंपनी द्वारा आयोजित व्यावसायिक यात्रा पर वियतनाम घूमने गए थे। मृतकों में तमिलनाडु के 10, आंध्र प्रदेश के 3 और केरल के 2 लोग शामिल हैं। दूतावास ने बताया कि सभी शवों को पहले हो ची मिन्ह सिटी ले जाया गया है। वहां की जरूरी कानूनी और कागजी प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद उन्हें विशेष विमान से भारत भेजा जाएगा। अधिकारी वियतनाम प्रशासन के साथ जरूरी कार्रवाई करने में जुटे हैं।

Advertisement