Page Loader
नए साल पर विश्व की जनसंख्या हो जाएगी 800 करोड़ के पार, अमेरिकी आंकड़ों से खुलासा
नए साल पर विश्व की जनसंख्या होगी 800 करोड़ (तस्वीर: अनस्प्लैश)

नए साल पर विश्व की जनसंख्या हो जाएगी 800 करोड़ के पार, अमेरिकी आंकड़ों से खुलासा

लेखन गजेंद्र
Dec 29, 2023
01:10 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के जनगणना ब्यूरो की ओर से गुरुवार को जारी अनुमानित आंकड़ों की मानें तो नए साल के दिन यानी 1 जनवरी, 2024 को विश्व की जनसंख्या 800 करोड़ के पार हो जाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल विश्व की जनसंख्या में 7.5 करोड़ लोगों की बढ़ोतरी हुई, जो नए साल के दिन बढ़ जाएगी। इस साल वैश्विक विकास दर 1 प्रतिशत से कुछ कम थी। 2024 से दुनियाभर में प्रति सेकंड 4.3 जन्म और 2 मृत्यु की संभावना है।

आबादी

कितनी बढ़ी अमेरिका की जनसंख्या?

जनगणना ब्यूरो के मुताबिक, अमेरिका की आबादी इस साल करीब 17 लाख बढ़ी है और नए साल के दिन इसकी जनसंख्या 33.5 करोड़ हो जाएगी। 2024 की शुरुआत में अमेरिका में हर 9 सेकंड में एक जन्म और हर 9.5 सेकंड में 1 मृत्यु होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, अमेरिका में आप्रवासन जनसंख्या को कम होने से रोकेगा। इस साल अमेरिका में विकास दर 0.53 प्रतिशत थी, जो वैश्विक विकास दर की लगभग आधी है।

राहत

अमेरिका में सबसे धीमी गति से बढ़ रही आबादी

ब्रुकिंग्स इंस्टीट्यूट में जनसांख्यिकी विशेषज्ञ विलियम फ्रे ने कहा कि अगर मौजूदा आबादी की गति दशक के अंत तक यानी 2030 तक जारी रही तो अमेरिकी इतिहास में 2020 सबसे धीमी गति से आबादी बढ़ने वाला दशक होगा। अमेरिका में 2020 से 2030 तक 10 साल की अवधि में 4 प्रतिशत से कम की वृद्धि दर प्राप्त होगी। सबसे धीमी गति से बढ़ने वाला दशक 1930 के दशक में महामंदी के बाद का था, जब विकास दर 7.3 प्रतिशत थी।