 
                                                                                यूट्यूबर ने बनाया खतरनाक स्टंट वाला गेम, 8 करोड़ रुपये से ज्यादा है ईनामी राशि
क्या है खबर?
स्वीडन के जिमी डोनाल्डसन यूट्यूब की दुनिया के सबसे प्रसिद्ध व्यक्तियों में से एक हैं। उनके यूट्यूब चैनल मिस्टर बीस्ट को महंगे वीडियोज के लिए पसंद किया जाता है। इसी कड़ी में अब उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो साझा किया है, जिसका नाम है 'दुनिया का सबसे खतरनाक जाल'। इसमें 8.31 करोड़ रुपये के लिए मैक नामक प्रतियोगी को 10 राउंड की चुनौती से गुजरते हुए दिखाया गया है, जिसमें मौत को मात देने वाले स्टंट मौजूद हैं।
गेम
गेम में प्रतियोगी को करने हैं ये खतरनाक स्टंट
जिमी द्वारा साझा किया गया गेम का वीडियो 20 मिनट तक लंबा है और इसमें अलग-अलग राउंड दिखाए गए हैं। शुरुआती राउंड में प्रतियोगी एक स्टील के पिंजरे में फंसा हुआ दिखाया गया है, दूसरे राउंड में उसे लेजर लाइट्स के ग्रिड से बचकर चलना है और तीसरे में एक बड़े पत्थर से आगे निकलना है। प्रतियोगी को 8.31 करोड़ रुपये जीतने के लिए इस तरह से पूरे 10 खतरनाक स्टंट करने हैं।
जानकारी
गेम बनाने में 2 महीने से ज्यादा का लगा समय
गेम के 10 राउंड को बनाने में जिमी को 2 महीने से ज्यादा का समय लगा था और उनकी मेहनत वीडियो में बखूबी दिख रही है। उनके इस वीडियो को सोशल मीडिया यूजर्स भी खूब पसंद कर रहे हैं।
प्रतिक्रिया
यूजर्स को पसंद आ रहा है गेम
दुनिया का सबसे खतरनाक जाल के वीडियो को देखकर एक यूजर ने लिखा, 'यह नेटफ्लिक्स पर किसी भी शो से बेहतर है।' दूसरे यूजर ने लिखा, 'इस वीडियो में काफी मेहनत और पैसा लगा है। इसे बनाने के लिए पागलपन और जुनून चाहिए।' तीसरे यूजर ने लिखा, 'प्रतियोगी ने इस गेम को जीतने के लिए अपना 100 प्रतिशत दिया है। यह वाकई काबिल-ए-तारीफ है।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'बहुत बढ़िया गेम।'
जानकारी
जिमी पहले भी बना चुके हैं साहसिक गेम
ऐसा पहली बार नहीं है, जब जिमी ने इस तरह का गेम बनाया है। इससे पहले उन्होंने नेटफ्लिक्स के मशहूर शो 'स्क्विड गेम' का अपना वर्जन बनाया था। इस गेम में 456 प्रतिभागियों को शामिल किया गया था और सबसे लंबे समय तक जीवित रहने वाले व्यक्ति को 3.79 करोड़ रुपये दिए गए थे। इसके अलावा कुछ वीडियोज में जिमी लोगों को बड़ी रकम या महंगे तोहफे बांटते हुए नजर आते हैं, जिसकी वजह से लोग उन्हें पसंद करते हैं।