Page Loader
UAE: 4 वर्षीय बच्चे ने प्रकाशित की बुक सीरीज, बना लिए 2 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
4 वर्षीय बच्चे ने बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

UAE: 4 वर्षीय बच्चे ने प्रकाशित की बुक सीरीज, बना लिए 2 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

लेखन गौसिया
Jun 12, 2023
04:54 pm

क्या है खबर?

विश्व रिकॉर्ड हासिल करना छोटी उपलब्धि नहीं है, लेकिन सोचिए अगर 5 साल की उम्र से पहले ही किसी बच्चे ने दो विश्व रिकॉर्ड हासिल किए हो तो यह बहुत बड़ी बात है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी निवासी सईद रशीद अलमहेरी ने कुछ ऐसा ही करके दिखाया है। हाल ही में सईद का नाम सबसे कम उम्र में एक बुक सीरीज (पुरुष) प्रकाशित करने के लिए गिनीज बुक में दर्ज किया गया है।

खिताब

सबसे कम उम्र में बुक सीरीज प्रकाशित कर बनाया रिकॉर्ड

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के मुताबिक, सईद ने 9 मार्च, 2023 को 4 साल 218 दिनों की उम्र में 'द एलिफेंट सईद एंड द बियर' नामक किताब को प्रकाशित कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। इसके 20 दिनों बाद वह इस किताब की अगली कड़ी लिखने में भी कामयाब रहेे। इसके बाद अब उन्होंने 4 साल और 238 दिन की उम्र में एक बुक सीरीज प्रकाशित करने वाले सबसे कम उम्र के व्यक्ति का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

किताब

क्या है सीरीज की दूसरी किताब का नाम?

सईद की 'द एलिफेंट सईद एंड द बियर' सीरीज में दूसरी किताब का नाम 'माई ट्रू फ्रेंड' है। यह किताब रेनबो चिमनी एजुकेशनल एड्स द्वारा प्रकाशित की गई है। यह प्रकाशन 13 साल तक की उम्र के बच्चों पर केंद्रित है। रिकॉर्ड के नियमों के मुताबिक, इस किताब की कम से कम 1,000 तक कापी भी बिकनी चाहिए, जो सईद का परिवार अबू धाबी अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेले, 2023 में बेचने में कामयाब रहा।

कहानी

क्या है किताब की कहानी?

सईद की लिखी पहली किताब की कहानी 2 जानवरों के बीच दयालुता और गहरी दोस्ती की है। इसमें हाथी एक पहाड़ पर पिकनिक मनाना चाहता है। इस दौरान वह एक भालू से मिला, जो उसका दोस्त बन गया। वहीं दूसरी किताब में हाथी अपने दोस्त भालू को घर वापस जाने पर विदाई देता है। हालांकि, इस दौरान हाथी पानी में गिर जाता है और मदद के लिए पुकारता है, जिसके बाद भालू उसे बचा लेता है।

जानकारी

बड़े होकर वैज्ञानिक बनना चाहते हैं सईद

सईद ने कहा, "मेरी किताब बच्चों को दयालु होना सिखाती है। लिखने के अलावा मुझे रोबोटिक्स का भी बहुत शौक है। जब मैं बड़ा हो जाऊंगा तो पृथ्वी को बचाने के लिए एक वैज्ञानिक और एक सुपरहीरो बनना चाहता हूं।"

बड़ी बहन

सईद की बड़ी बहन भी बना चुकी हैं कई रिकॉर्ड्स

सईद अपने परिवार में रिकॉर्ड रखने वाले अकेले नहीं हैं। उनकी बड़ी बहन अलधाबी भी कई रिकॉर्ड जीत चुकी हैं। अलधाबी के पास एक द्विभाषी किताब (महिला) प्रकाशित करने के लिए दुनिया के सबसे कम उम्र के व्यक्ति का रिकॉर्ड है। इसके अलावा उनके पास द्विभाषी बुक सीरीज (महिला) प्रकाशित करने के लिए सबसे कम उम्र के व्यक्ति का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का खिताब भी है। सईद अलधाबी से ही खुद की किताब लिखने के लिए प्रेरित हुए थे।