Page Loader
चीन: महिला ने लुई वितों के कर्मचारियों से गिनवाए 70 लाख रुपये, फिर चली गई वापस
चीन की महिला ने लुई वितों के कर्मचारियों से बदला लेने के लिए किया यह काम (प्रतीकात्मक तस्वीर)

चीन: महिला ने लुई वितों के कर्मचारियों से गिनवाए 70 लाख रुपये, फिर चली गई वापस

लेखन सयाली
Aug 23, 2024
09:05 pm

क्या है खबर?

ज्यादातर बड़े ब्रांड के कर्मचारी सम्मान के साथ लोगों का स्वागत करते हैं और खरीदारी में उनकी मदद करते हैं। हालांकि, कुछ ऐसे कर्मचारी भी होते हैं, जो लोगों को गरीब समझकर उनका मजाक बनाते हैं और उन्हें नीचा दिखाते हैं। ऐसे ही अपमान का सामना चीन की रहने वाली एक महिला को करना पड़ा था। हालांकि, इस अमीर महिला ने लुई वितों के कर्मचारियों से बदला लेने के लिए उनसे 70 लाख रुपये गिनवाए और वापस चली गईं।

मामला 

कर्मचारियों ने महिला से किया था बुरा बरताव

महिला ने 2 महीने पहले इस घटना को चीनी सोशल मीडिया प्लेटफार्म जियाहोंगशू पर साझा किया था। वह चोंगकिंग के स्टारलाइट प्लेस शॉपिंग सेंटर में स्थित लुई वितों स्टोर में गईं थीं। वह जब सामान देख रही थीं, तब किसी भी कर्मचारी ने उनकी मदद नहीं की थी। महिला के उनसे सवाल करने पर भी सभी ने बुरा बरताव किया और उन्हें नजरअंदाज कर दिया था। कर्मचारियों ने उनसे नजरें फेर ली थीं और पुराने कपड़े देखने को कहा था।

बदला

70 लाख रुपये नगदी लेकर स्टोर पहुंची महिला

एक लक्जरी हर्मीस हैंडबैग ले जाने के बावजूद भी कर्मचारियों ने महिला को नीचा दिखाया था। इस बात से नाराज होकर उन्होंने लुई वितों के मुख्यालय पर शिकायत की, लेकिन उन्हें कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके कारण उनका गुस्सा दोगुना हो गया और उन्होंने बदला लेने की ठान ली। 2 महीने बाद महिला उसी लुई वितों स्टोर पर दोबारा गईं। हालांकि, इस बार उनके हाथों में लगभग 70 लाख रुपये नगद थे।

इंकार

पैसे गिनवाने के बाद महिला ने सामान लेने से किया इंकार

महिला स्टोर में अपने साथ अपने सहायक और एक दोस्त को लेकर गईं थीं। तीनों लोगों ने स्टोर में घूमते हुए तमाम चीजों को पहन कर देखा और उन्हें खरीदने में दिलचस्पी भी दिखाई। स्टोर के सभी कर्मचारी उनकी लाई हुई नगदी को आनन-फानन में गिन रहे थे। जब कर्मचारियों ने पूरे पैसे गिन लिए, तब अचानक महिला ने उनसे कहा, "मुझे यहां से कुछ नहीं खरीदना। मैं जा रही हूं।"

प्रतिक्रियाएं

मेरे लिए उनसे सामान खरीदना संभव नहीं था- महिला

इस बात को सुनकर सभी कर्मचारी हैरान रह गए थे और महिला स्टोर से अपने पैसे लेकर चली गईं। स्टोर से लौटने के बाद महिला ने जियाहोंगशू पर लिखा, 'मेरे लिए उनके कार्य प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए उनसे सामान खरीदना संभव नहीं था।' उनकी इस खबर के वायरल होते ही लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। ज्यादातर लोग महिला के समर्थन में कमेंट कर रहे हैं और बुरा बरताव करने वाले कर्मचारियों की निंदा कर रहे हैं।