महिला ने अपने बालों से उठाया 75 किलो वजन, अपने नाम किया नया विश्व रिकॉर्ड
क्या है खबर?
बाल महिलाओं के श्रृंगार का सबसे अहम हिस्सा होते हैं, जो उनकी खूबसूरती में चार चांद लगा देते हैं। हालांकि, कुछ महिलाएं इन्हीं बालों को अपनी सबसे बड़ी ताकत बना लेती हैं। ऐसा ही कमाल मेक्सिको की रहने वाली एक पॉवरलिफ्टर महिला ने कर दिखाया है। आपको जानकर हैरानी होगी कि उन्होंने महज अपने बालों के जरिए 75 किलोग्राम का वजन उठाया है। ऐसा करके उन्होंने अपना नाम गिनीज बुक में शामिल कर लिया है।
रिकॉर्ड
चोटियों में बांधकर उठाया था इतना वजन
मैक्सिको के पोटोसी स्थित सैन लुइस की रहने वाली डायना एलिजाबेथ बैट्रेस हर्मोसिलो ने यह हैरतअंगेज कारनामा कर दिखाया। वह पेशे से एक प्रतिभाशाली सर्कस कलाकार भी हैं। उन्होंने 28 फरवरी, 2026 को ले पाज थिएटर में यह रिकॉर्ड कायम किया। उन्होंने स्टेज पर खड़े हो कर अपनी 2 चोटियों में 6 वजन उठाने वाली प्लेटें बांधी, जिनका कुल वजन 75.35 किलोग्राम था। अब वह बालों से सबसे ज्यादा वजन उठाने वाली महिला बन गई हैं।
तैयारी
एलिजाबेथ ने रिकॉर्ड के लिए महीनों की थी मशक्कत
एलिजाबेथ ने अपने इस प्रयास से भारतीय वेटलिफ्टर आशा रानी का पिछले रिकॉर्ड तोड़ा है। उन्होंने जुलाई 2014 में पंजाब के रामपुर में अपने बालों से 122.58 पाउंड (55.6 किलोग्राम) भार उठाया था। इस बेहतरीन रिकॉर्ड को कायम करने की तैयारी एलिजाबेथ पिछले 26 सालों से करती आई हैं। इस प्रयास के लिए एलिजाबेथ ने 6 महीने तक प्रशिक्षण लिया, ताकि वह सिर, गर्दन और पीठ पर पड़ने वाले दबाव को सहन कर सकें।
प्रयास
कैसे कर पाईं यह काबिले तारीफ कारनामा?
तैयारी के दौरान एलिजाबेथ ने जिम में रखीं भारी डिस्क को एक स्टील की चेन में जोड़ा था। ऐसा करके उन्होंने एक ऐसा उपकरण बना लिया, जिसे वह अपनी चोटियों से जोड़ सकती थीं। धीरे-धीरे करके उन्होंने वजन बढ़ाना शुरू किया और रोजाना अभ्यास भी करती रहीं। रिकॉर्ड प्रयास से पहले उन्होंने बालों को 2 बराबर भागों में बांटकर 2 चोटियां बनाईं और उन्हें एक रबर बैंड से एक साथ जोड़ा। इसके बाद उन्होंने चेन लटकाकर वजन को उठाया।
अन्य प्रयास
एलिजाबेथ का दूसरा करतब देख भी हैरान थे लोग
एलिजाबेथ ने न केवल बालों से 75.35 किलोग्राम वजन उठाया, बल्कि उसे 14 सेकंड तक उठाए रखने में कामयाब भी रहीं। एलिजाबेथ यहीं नहीं रुकीं, बल्कि उन्होंने उसी रात एक और हैरतअंगेज करतब कर दिखाया। अपने इस शानदार प्रदर्शन के बाद वह एक बार फिर मंच पर लौटीं और अपने पूरे शरीर का वजन हवा में केवल अपने बालों की ताकत से लटकाए रखा। इस कारनामे ने भी लोगों को दांतों तले उंगलियां दबा लेने पर मजबूर कर दिया था।