LOADING...
मौत के 10 घंटे बाद जिंदा हुई यह महिला, दफनाने की तैयारी कर रहे थे परिजन

मौत के 10 घंटे बाद जिंदा हुई यह महिला, दफनाने की तैयारी कर रहे थे परिजन

लेखन अंजली
Feb 28, 2020
05:44 pm

क्या है खबर?

मौत के बाद जीवन है या नहीं, यह हमेशा से बहस का विषय रहा है और इसका कोई अंत भी नहीं है। जो जीवित हैं, उनके पास स्वर्ग/नर्क की सच्चाई पता करने का कोई तरीका नहीं है। वहीं, जो लोग मर चुके हैं, उनसे हम बात नहीं कर सकते हैं। लेकिन हाल ही में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें एक 83 वर्षीय महिला मौत के 10 घंटे बाद फिर से जिंदा हो गई। हैरान मत होइए..आगे पढ़िए।

मामला

मृत्यु के 10 घंटे बाद जिंदा हुई महिला

यह आश्चर्यजनक मामला यूक्रेन का है, जहां 83 वर्षीय जीनिया दिदुख नामक महिला डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के 10 घंटे बाद फिर से जिंदा हो गई। जानकारी के मुताबिक, स्टिरजावका शहर की रहने वाली जीनिया एक रिटायर्ड नर्स हैं जो पिछले रविवार कोमा के स्टेज 3 में चली गई थीं। डॉक्टर ने जीनिया की हालत नाजुक बताते हुए उनका इलाज अस्पताल की बजाय उनके घर में करना बेहतर समझा।

जानकारी

जीनिया के परिवार वालों ने कर ली थी उनके अंतिम संस्कार की पूरी तैयारी

डॉक्टर के जाने के कुछ समय बाद जीनिया ने सांस लेना बंद कर दिया। परिवार ने इस बात की सूचना देकर तुरंत डॉक्टर को बुलाया, जिसके बाद डॉक्टर ने चेक कर जीनिया को मृत घोषित कर दिया था। फिर परिवार ने उनके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। स्थानीय अधिकारियों ने भी जीनिया के नाम से डेथ सर्टिफिकेट जारी कर दिया था। वहीं, परिवार ने कब्र खोदने वाले के साथ एक पादरी को भी बुला लिया था।

बयान

जीनिया की बेटी को सबसे पहले एहसास हुआ कि उनकी मां जीवित है

दरअसल, जीनिया का परिवार जब उन्हें दफनाने की तैयारी कर रहा था तब उनकी बेटी को कुछ अजीब लगा। जीनिया की बेटी ने बताया कि उन्होंने जब कुछ घंटे बाद अपनी मृत मां का माथा छुआ तो वह गर्म था। इसके बाद वह जीनिया को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें स्टेज 3 कोमा से ग्रसित बताया। डॉक्टरों ने उन्हें निगरानी में रखा, जिसके एक सप्ताह बाद वह कोमा से बाहर आ गईं।

जानकारी

जीनिया के केस को देखकर डॉक्टर भी हैं हैरान

घटना के बारे में जीनिया का इलाज करने वाले डॉक्टर व्लादीमीर चेबोतारेव ने बताया कि उन्होंने अपने 37 साल के करियर में ऐसा केस पहली बार देखा है। इससे पहले ऐसा कोई भी केस उनके सामने नहीं आया था।

बयान

महिला ने किया स्वर्ग देखने का दावा

कोमा से ठीक होने के बाद जीनिया ने बताया कि उन्होंने मरने के बाद स्वर्ग देखा और वहां जाकर उन्होंने अपने पिता को आवाज लगाई थी। वह अपने पिता को वहां महसूस कर पा रही थी और उनको उम्मीद थी कि वह उनसे मिलेंगे, लेकिन आंखें खोलते ही जीनिया ने अपने आस-पास सफेद कपड़े पहने लोग देखें, जिन्हें देखकर पहले उनहें लगा कि वे फरिश्ते हैं मगर वो डॉक्टर थे। उन्होंने बताया कि उन पर भगवान की कृपा हुई है।