Page Loader
ऑस्ट्रेलिया: जुड़वां बहनों ने एक ही दिन दिया बच्चों को जन्म, वजन और DNA भी समान
जुड़वां बहनों ने एक ही दिन दिया बच्चों को जन्म

ऑस्ट्रेलिया: जुड़वां बहनों ने एक ही दिन दिया बच्चों को जन्म, वजन और DNA भी समान

लेखन गौसिया
Aug 28, 2023
04:57 pm

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया से एक बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, यहां रहने वाली 36 वर्षीय जुड़वां बहनों ने एक ही दिन अपने बच्चों को जन्म दिया है। दोनों बहनें एक साथ गर्भवती हुईं और फिर डिलीवरी के लिए एक ही दिन एक ही अस्पताल में भर्ती हुईं। इसके बाद 5 घंटे के गैप पर उनके बच्चे का जन्म एक ही डॉक्टर ने किया और दोनों बच्चों का वजन भी एक समान ही है।

मामला

जुड़वां बहनों ने 22 अगस्त को दिया बच्चों को जन्म

मेलबर्न शहर में रह रहीं जुड़वां बहनों का नाम गिलियन गोगास और निकोल पैट्रिककोस है। दोनों लगभग एक ही समय पर गर्भवती हुई थीं, लेकिन यह अनुमान किसी ने नहीं लगाया था कि दोनों एक ही दिन बच्चों को जन्म देंगी। गिलियन ने 22 अगस्त को दोपहर 1:20 बजे बेटे को जन्म दिया और इसके 5 घंटे के बाद निकोल ने भी बेटे को जन्म दिया। इस संयोग से परिवार सहित डॉक्टर्स और अन्य कर्मचारी भी बेहद हैरान थे।

जानकारी

गिलियन बोलीं- हमने प्लान नहीं किया था

मीडिया से बात करते हुए गिलियन ने कहा, "हम समय प्लान नहीं कर सकते हैं, इसलिए यह सब हम सभी के लिए हैरान करने वाला था। यहां तक कि हमारे बच्चों का जन्म भी प्रसूति विशेषज्ञ डॉ जोसेफ सग्रोई द्वारा ही किया गया।"

वजन

एक ही है दोनों बच्चों का वजन- डॉक्टर

इस मामले पर डॉ सग्रोई ने कहा कि जुड़वां बहनों द्वारा एक ही दिन बच्चों को जन्म देना कोई आम बात नहीं है। उन्होंने कहा, "दोनों बच्चों की कई चीजें समान हैं। यहां तक की उनका वजन भी 3.5 किलोग्राम है। ये बच्चे मौसेरे भाई-बहनों की तुलना में जैविक भाइयों की तरह ज्यादा लगते हैं और दोनों भाई अपने DNA का 100 प्रतिशत साझा करते हैं।"

बयान

हर साल जन्मदिन पर मनाया जाएगा विशाल उत्सव

निकोल ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "हम दोनों बहनें एक-दूसरे के बहुत करीब हैं और हमने हमेशा सब कुछ एक साथ किया, इसलिए शायद यह भी उसका एक उदाहरण ही है। हमें उम्मीद है कि हमारे बच्चे भी उतने ही करीब होंगे, जितने हम हैं क्योंकि हमारे बीच एक विशेष बंधन है।" दोनों बहनों का कहना है कि उनके बच्चों के जन्मदिन पर वो हर साल एक विशाल उत्सव मनाएंगी।