Page Loader
इस महिला को है पानी से एलर्जी, पीने और नहाने से करती हैं परहेज
इस महिला को है पानी से एलर्जी

इस महिला को है पानी से एलर्जी, पीने और नहाने से करती हैं परहेज

लेखन सयाली
Feb 18, 2025
11:31 am

क्या है खबर?

मानव शरीर लगभग 75 प्रतिशत पानी से बना होता है और पानी जिंदा रहने के लिए बेहद अहम होता है। यह तत्व सभी अंगों को दुरुस्त रखता है और हमे सेहतमंद बनाए रखने में मदद करता है। हालांकि, क्या हो अगर आपको पानी से ही एलर्जी हो जाए? यह सुनने में अजीब लगता है, लेकिन ऐसा यूनाइटेड किंगडम (UK) की महिला के साथ सच-मुच हो रहा है। दरअसल, पानी के संपर्क में आते ही उनको असहनीय दर्द महसूस होता है।

मामला

बेहद दुर्लभ बीमारी का शिकार हैं केंडल

महिला का नाम केंडल ब्राइस है और उनकी उम्र महज 25 साल है। वह एक्वाजेनिक अर्टिकेरिया नामक दुर्लभ बीमारी से जूझ रही हैं, जो त्वचा से संबंधित एलर्जी है। केंडल बताती हैं कि जब भी वह पानी के संपर्क में आती है तो उसकी त्वचा सूज जाती है और उनके शरीर पर दाने या चकत्ते निकलने लगते है। अगर वह नहाती हैं तो उन्हें ऐसा महसूस होता है मानो किसी ने उनपर जलता हुआ लाइटर फेक दिया हो।

परेशानी

केंडल के लिए पानी पीना और नहाना है बेहद मुश्किल

केंडल को केवल नहाते समय ही परेशानी नहीं झेलनी पड़ती, बल्कि नमी भरे मौसम से भी असुविधा होती है। वह गर्भवती हैं और अपने पहले बच्चे को भी संभाल रही हैं, जिस कारण उनका जीवन और भी कठिन होता जा रहा है। उन्होंने कहा, "यह एक दैनिक संघर्ष है। मैं हफ्ते में केवल 2 बार ही नहा पाती हूं, क्योंकि दर्द बहुत भयानक होता है।" केंडल के लिए पानी तक पीना मुश्किल है, क्योंकि उससे उनका गला जलने लगता है।

दर्द

नहाने के 2 घंटे बाद तक होता है असहनीय दर्द

केंडल अपना दुख बताते हुए कहती हैं, "मैं इतनी बेबस हूं कि आज तक अपने एक साल के बेटे को नहला भी नहीं पाई हूं।" उन्होंने बताया कि शुरुआत में पानी के संपर्क में आने से उन्हें ऐसा लगता था, जैसे कोई सुई चुभा रहा हो। हालांकि, पिछले कुछ सालों में दर्द इतना बढ़ गया है कि उनका शरीर सदमे में चला जाता है। नहाने के बाद उन्हें लगभग 2 घंटे तक दर्द होता है और वह रोती रहती हैं।

इलाज

डॉक्टर भी इस बीमारी का इलाज खोजने में हैं असमर्थ

केंडल को इस बीमारी का पता तब चला, जब वह 15 साल की थीं। उस समय वह दवा खाकर आराम महसूस करती थीं, लेकिन अब उनकी स्थिति बत्तर हो चुकी है। केंडल को 2021 में यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल के एक त्वचा विशेषज्ञ के पास भेजा गया था, जिन्होंने उनकी बीमारी की पहचान की थी। डॉक्टर अब तक केंडल के लिए कोई दवा नहीं खोज पाए हैं। उनकी बीमारी इतनी दुर्लभ है कि इसके विषय में ज्यादा लोगों को जानकारी नहीं है।

जानकारी

मन में उम्मीद लेकर जी रही हैं केंडल

केंडल अपनी कहानी इस उम्मीद के साथ साझा कर रही हैं कि शायद कोई उनकी बीमारी से अवगत हो और उसका इलाज बता सके। उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि कोई विशेषज्ञ मुझसे संपर्क करेगा और मेरी मदद करेगा।"