Page Loader
यह महिला एकसाथ खा जाती है 10 कटोरे रामेन, अन्य से 40 प्रतिशत बड़ा है पेट
दक्षिण कोरिया की 'बड़े पेट' वाली महिला

यह महिला एकसाथ खा जाती है 10 कटोरे रामेन, अन्य से 40 प्रतिशत बड़ा है पेट

लेखन सयाली
Jun 22, 2025
12:47 pm

क्या है खबर?

एशिया के यूट्यूबर के बीच मकबांग का चलन तेजी से बढ़ता जा रहा है। इसमें लोग लाइव आ कर ढेर सारा खाना खाते हैं और प्रशंसक बटोरने का प्रयास करते हैं। मकबांग करने वाले ज्यादातर लोग मोटे या ज्यादा वजन वाले होते हैं। हालांकि, दक्षिण कोरिया में 'बिग स्टमक क्वीन' यानि 'बड़े पेट वाली रानी' के नाम से जानी जाने वाली यूट्यूबर बेहद पतली-दुबली हैं। हैरानी की बात यह है कि उनका पेट आम लोगों से 40 प्रतिशत बड़ा है।

विवरण

इतना खाने के बाद भी केवल 50 किलो है वजन

महिला का नाम पार्क जंग-वोन है और उनकी उम्र 28 साल है। उनके सोशल मीडिया पर 120 लाख से ज्यादा प्रशंसक हैं, जो उन्हें त्जूयांग कहकर पुकारते हैं। त्जूयांग अपनी भूख और खाने की क्षमता के लिए जानी जाती हैं और एक बार में ढेर सारा खाना खा लेती हैं। हैरानी की बात है कि इतना खाने के बाद भी उनका वजन महज 50 किलो ही है। त्जूयांग अपनी सुंदरता और फिगर के कारण सभी की पसंदीदा बनी हुई हैं।

पेट

अन्य लोगों से कई गुना बड़ा है त्जूयांग का पेट

डॉक्टरों ने बताया है कि पतली-दुबली दिखने वाली त्जूयांग का पेट उनके कद के औसत व्यक्ति के पेट से 40 प्रतिशत बड़ा है। यहां तक कि उनका पेट कई पुरुषों तक से बड़ा बताया जा रहा है। इसका साबुत देते हुए वह अक्सर खाने के वीडियो साझा करती रहती हैं, जिन्हें देखकर लोग दंग रह जाते हैं। वह जिस भी रेस्टोरेंट में जाती हैं, वहां के कर्मचारी उन्हें खाते हुए देखकर अपनी आखों पर यकीन नहीं कर पाते हैं।

वीडियो

हैरान कर देगी त्जूयांग की खाने की क्षमता

त्जूयांग की भूख का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वह एक बार में रामेन के 10 कटोरे खा जाती हैं। इतना ही नहीं, एक बार तो उन्होंने 101 प्लेट सुशी खाई थीं और 33 प्लेट मीट भी निपटाया था। एक चुनौती को पूरा करने के लिए उन्होंने 7 मिनट से भी कम समय में 10 कप तीखी रामेन खाई थी। वहीं, एक चौका देने वाले वीडियो में त्जूयांग 12 किलो ऑयस्टर्स खाती नजर आई थीं।

दिनचर्या

एक्सरसाइज किए बिना भी नियंत्रित रहता है वजन

त्जूयांग को यात्रा करना बेहद पसंद है, ताकि वह अलग-अलग स्थानों के स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चख सकें। वह जिस भी रेस्टोरेंट में खाने जाती हैं, वहां के रसोइयों के साथ बातचीत जरूर करती हैं। त्जूयांग हर दिन लगभग 30,000 कैलोरी खाती हैं, जो एक वयस्क महिला के औसत सेवन से 15 गुना ज्यादा है। वह बताती हैं कि वह कभी एक्सरसाइज नहीं करती हैं, लेकिन 3-4 बार बाथरूम जाती हैं।

रिपोर्ट

क्या कहती हैं त्जूयांग की मेडिकल रिपोर्ट?

एक बार त्जूयांग ने सोशल मीडिया पर अपनी चिकित्सा रिपोर्ट साझा की थीं, जिन्हें 20 लाख से अधिक लोगों ने देखा था। उनमें उनके पेट के आकार के अलावा भी कई अहम बातें सामने आई थीं। भोजन के बाद भी उसका ब्लड शुगर हमेशा स्थिर रहता है, क्योंकि उसका शरीर स्वाभाविक रूप से उनके खाने के साथ समायोजित हो जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी किडनी और पाचन भी बिलकुल दुरुस्त हैं। हालांकि, उन्हें थोड़ी देर पर भूख लगती है।