
चीन की कंपनी बना रही ऐसा AI सॉफ्टवेयर, जिसके जरिए समझ सकेंगे जानवरों की भाषा
क्या है खबर?
कुत्ते अपने मालिकों के लिए महज पालतू जानवर नहीं होते, बल्कि वे उनकी पूरी दुनिया बन जाते हैं। वे भौंककर और अपने प्यार भरे संकेतों के जरिए अपने मन की बातों को व्यक्त करने की कोशिश करते हैं।
हालांकि, क्या हो अगर आप अपने कुत्ते के भौंकने की आवाज का मानवी भाषा में अनुवाद कर सकें?
जी हां, चीन की एक कंपनी ऐसा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सॉफ्टवेयर बनाने का प्रयास कर रही है, जिसके जरिए यह करना संभव हो सकेगा।
कंपनी
इस AI के जरिए जानवरों की भाषा समझना होगा आसान
यह कंपनी बीजिंग में स्थित है, जिसका नाम बायडू बताया जा रहा है।
कंपनी ने पहचाना कि मालिकों के लिए अपने पालतू जानवरों की बातें समझना अक्सर मुश्किल हो जाता है, जिस कारण निराशा महसूस होने लगती है।
ऐसे में उन्होंने ठान लिया कि वह जानवरों की आवाज का मानव भाषा में अनुवाद करने वाले AI का निर्माण करके रहेंगे।
उन्होंने एक नई उच्च तकनीक वाली अनुवाद प्रणाली के लिए राष्ट्रीय बौद्धिक संपदा प्रशासन के पास पेटेंट दायर किया है।
प्रक्रिया
आखिर कैसे काम करता है यह AI सॉफ्टवेयर?
यह अनुवाद सॉफ्टवेयर जानवर से विभिन्न प्रकार का डाटा एकत्र करता है, जिसमें उसकी आवाज, शारीरिक भाषा, व्यवहार में परिवर्तन और अन्य जैविक संकेत शामिल होते हैं।
इसके बाद, AI-संचालित एप्लिकेशन डाटा का विश्लेषण करके भावना निर्धारित करता है और इसे लोगों द्वारा चुनी गई भाषा में बदल देता है।
इसके जरिए जानवरों और लोगों के बीच का संचार बेहतर बनेगा और हमारे लिए इन बेजुबानों की बातों को समझ पाना आसान हो जाएगा।
कंपनी
अभी भी शोध चरण में है यह AI सॉफ्टवेयर
बायडू के एक प्रवक्ता ने कहा, "यह सॉफ्टवेयर अभी भी शोध चरण में है। एक AI कंपनी के रूप में हम लगातार नई तकनीकों को लागू करने की कोशिश करते हैं।"
उनके अनुसार, पेटेंट दिसंबर में प्रस्तुत किया गया था, लेकिन इसे इस सप्ताह की शुरुआत में ही सार्वजनिक रूप से प्रकाशित किया गया है।
कंपनी का कहना है कि जल्द ही यह AI टूल पूरी तरह तैयार होगा और लोगों के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा।
अन्य ऐप
जानवरों की भाषा का अनुवाद करने वाले कई ऐप हैं मौजूद
ऐसा पहली बार नहीं है, जब किसी कंपनी ने कुत्तों या अन्य जानवरों की भाषा का अनुवाद करने की कोशिश की हो।
अगर आप प्ले स्टोर पर जाएंगे तो आपको ऐसे तमाम ऐप मिल जाएंगे, जो ऐसा करने का दावा करते हैं। इन ऐप में जानवर की आवाज रिकॉर्ड करने के बाद लिखकर आता है कि वह क्या कहना चाहता है।
हालांकि, इन ऐप को इस्तेमाल करने वाले ज्यादातर लोगों का कहना है कि ये पूरी तरह कारगर नहीं होते।