Page Loader
ब्राजील: शेर ने चिड़ियाघर में मनाया अपना जन्मदिन, देखने के लिए उमड़ पड़ी भीड़
सिम्बा ने मनाया अपना 15वां जन्मदिन (प्रतीकात्मक तस्वीर: पिक्सेल्स)

ब्राजील: शेर ने चिड़ियाघर में मनाया अपना जन्मदिन, देखने के लिए उमड़ पड़ी भीड़

लेखन गौसिया
Dec 17, 2023
01:28 pm

क्या है खबर?

अभी तक आपने इंसानों को जन्मदिन मनाते हुए देखा होगा, लेकिन अब कुछ जगहों पर जानवरों का भी जन्मदिन मनाया जाने लगा है। ब्राजील भी इन्हीं जगहों में से एक है। यहां स्थित एक चिड़ियाघर में सिम्बा नामक शेर है, जो बीते कल यानी 16 दिसंबर को 15 साल का हुआ। इसी खुशी में यहां जश्न मनाया गया और शेर के लिए दावत का इंतजाम किया गया। आइये इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।

जन्मदिन

सिम्बा ने ऐसे मनाया अपना 15वां जन्मदिन

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रियो डी जनेरियो चिड़ियाघर में सिम्बा का 15वां जन्मदिन बड़ी ही धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर सिम्बा ने मांस और चिकन की दावत का आनंद लिया। इस दौरान चिड़ियाघर में कई मेहमान भी मौजूद थे और वे सिम्बा को दावत का लुत्फ उठाते हुए देख रहे थे। इस समारोह में मेहमानों के साथ-साथ सिम्बा की देखभाल करने वाले कर्मचारी भी मौजूद थे, जो सिम्बा की देखभाल करने पर गर्व महसूस कर रहे थे।

बयान

सिम्बा की देखभाल करने वाली कर्मचारी ने क्या कहा?

सिम्बा की देखभाल करने वाली लेटिसिया फीटोसा ने मीडिया से बताया कि वो रोजाना शेर की देखभाल करती हैं, लेकिन आज वह काफी सुर्खियों में है। उन्होंने आगे कहा, "हम 15 सालों से सिम्बा की देखभाल कर रहे हैं। इससे एक संतुष्टि का अनुभव हो रहा है क्योंकि इतने समय से वह हमारे साथ अच्छी तरह रहा और इसलिए आज सिम्बा के जन्मदिन पर हम भी जश्न मना रहे हैं।"

बयान

सिम्बा को देखने आई महिला ने क्या कहा?

चिड़ियाघर में आई एक मेहमान नतालिया एगुलर ने बताया कि उन्हें शेरों से बहुत प्यार है और वह इस साल 2 बार चिड़ियाघर आईं हैं, लेकिन हर बार सिम्बा उन्हें सोता हुआ दिखा। उन्होंने आगे कहा, "यह पहली बार है जब मैं सिम्बा को इतने करीब से देख रही हूं। इससे मैं बहुत उत्साहित हूं और घबरा भी रही हूं, लेकिन सिम्बा बहुत ही सुंदर और प्यारा जानवर है।"

जानकारी

समारोह के आयोजन के पीछे था यह मकसद

जानकारी के मुताबिक, यह समारोह बायोपार्क डी रियो की एक खास पहल का हिस्सा था। यह पहल पशु कल्याण पर केंद्रित है, जो प्रत्येक प्रजाति की व्यवहारिक जरूरतों को पूरा करने के लिए गतिशील दिनचर्या लागू करती है। चिड़ियाघर के जीवविज्ञानियों का कहना है कि पर्यावरण पर केंद्रित यह कार्यक्रम जानवरों को उनके प्राकृतिक आवासों के समान व्यवहार प्रदर्शित करने में सक्षम बनाता है। इस तरह से यह पहल अन्य चिड़ियाघर के तौर-तरीकों से अलग है।