राजकुमारी डायना की सुर्खियां बटरोने वाली 'रिवेंज ड्रेस' हो रही है नीलाम, जानें कितनी है कीमत
क्या है खबर?
दुनिया को अलविदा कहने के सालों बाद भी ब्रिटेन की पूर्व राजकुमारी डायना लाखों दिलों पर राज करती हैं। उनका फैशन सेंस आज भी महिलाओं के स्टाइल को प्रेरित करता है और उनके प्रतिष्ठित लुक्स की खूब चर्चा होती है। डायना के पहने हुए कई कपड़े करोड़ों में नीलाम हो चुके हैं। इसी कड़ी में अब उनकी सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरने वाली 'रिवेंज ड्रेस' भी नीलामी के लिए उपलब्ध हो रही है। आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।
ड्रेस
क्या है इस ड्रेस के पीछे की रोचक कहानी?
डायना ने इस ड्रेस को सितंबर, 1994 की उस शाम को पहना था, जब उनके तलाक के बाद महाराजा चार्ल्स तृतीय ने एक शो के दौरान अपने अफेयर की बात स्वीकार की थी।
यही कारण था कि इसे रिवेंज ड्रेस नाम दिया गया और इसके बाद से कई महिलाओं ने तलाक के बाद ऐसे स्टाइल को अपनाया। काले रंग के सिल्क से बनी इस बॉडीकॉन ड्रेस में डायना ने सर्पेंटाइन गैलरी में प्रवेश करते ही लोगों को चौका दिया था।
नीलामी
कब और कहां होगी इस ड्रेस की नीलामी?
साल 1997 के बाद अब यह ड्रेस एक बार फिर नीलामी के लिए उपलब्ध है। क्रिस्टीना स्टैम्बोलियन द्वारा डिजाइन की गई इस ड्रेस को सोथबी नामक नीलामीघर इस साल 9 दिसंबर को नीलाम करेगा।
इस महीने इसे सोथबी के लंदन स्थित नीलामीघर में प्रदर्शित किया जाएगा। इसके बाद इसे हांगकांग, जिनेवा और अंत में न्यूयॉर्क ले जाया जाएगा, जहां इसे बेचा जाएगा।
इसकी अनुमानित कीमत 1.42 से 2.84 करोड़ रुपये के बीच लग सकती है।
सोथबी
डायना की स्टाइलिस्ट उन्हें देना चाहती थीं सबसे खास लुक
सोथबी ने इस ड्रेस की नीलामी की घोषणा प्रेस रिलीज के जरिए की है। इसमें कहा गया कि 1997 के बाद यह पहली बार है, जब यह ड्रेस नीलामी के लिए पेश की गई है।
1997 में डायना ने चैरिटी के लिए पैसे जुटाने के मकसद से अपनी 79 ड्रेस बेची थीं, जिनमें से एक यह भी थी। सोथबी के अनुसार, उस समय डायना ने आखिर वक्त पर अपनी ड्रेस बदलकर इस काली ड्रेस को डिनर के लिए चुना था।
महत्व
फैशन के इतिहास में खास स्थान रखती है यह ड्रेस
डायना ने उस दिन इस ड्रेस को एक शाही मोतियों और रत्न वाले चोकर के साथ पहना था। साथ ही उन्होंने अंगूठी, ब्रेसलेट, काली हील सैंडल और क्लच वाला बैग भी स्टाइल किया था।
सोथबी में हैंडबैग और फैशन की ग्लोबल हेड मॉर्गन हलिमी ने कहा, "यह ड्रेस बहुत खास है, क्योंकि इसकी विरासत सिर्फ डिजाइन तक ही सीमित नहीं है।"
इसे पहनकर डायना ने अपना आत्म-मूल्य दर्शाया था और दिखाया था कि मुश्किल वक्त ने भी उन्हें तोड़ा नहीं।
फैशन स्टेटमेंट
डायना ने इस ड्रेस के जरिए दिया था एक खास संदेश
स्टैम्बोलियन ने 2022 में कहा था, "डायना ने सफेद कपड़ों में मासूम दिखने की जगह काले कपड़ों में अपना गुस्सा दिखाने का विकल्प चुना। उन्होंने गहरे लाल रंग की नेल पॉलिश लगाई थी, जो हमने उन्हें पहले कभी लगाते नहीं देखा था।"
डायना का यह अंदाज दुनिया ने पहली बार देखा था, जो यह दर्शाता था कि धोखे ने उन्हें तोड़ा नहीं, बल्कि और भी मजबूत बना दिया। यह ड्रेस आज भी फैशन स्टेटमेंट है, जिसकी मांग दुनियाभर में है।