
महाराष्ट्र: पुलिस ने बरामद किया 50 लाख रुपये का अनोखा सांप, 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार
क्या है खबर?
पृथ्वी पर लाखों-करोड़ों तरह के जीव-जंतु पाए जाते हैं। कई जीव ख़तरनाक होते हैं, तो कई जीव बहुत ही प्यारे हैं।
ख़तरनाक जीवों की बात करें, तो सांप भी उनमें से एक है। हालाँकि, सभी सांप ज़हरीले नहीं होते हैं।
आजकल काले बाज़ार में दुर्लभ सांपों की खूब तस्करी हो रही है।
हाल ही में मुंबई पुलिस ने एक अनोखा सांप बरामद किया है, जिसकी क़ीमत 50 लाख रुपये बताई जा रही है और इसकी विदेशों में काफ़ी माँग है।
मामला
पुलिस ने बरामद किया 'रेड सैंड बोआ' सांप
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के नवी मुंबई से पुलिस ने एक व्यक्ति के पास से अनोखा सांप बरामद किया है, जिसकी क़ीमत 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस मामले में पुलिस ने एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ़्तार किया है।
बता दें कि पुलिस ने जिस सांप को बरामद किया है, उसका नाम 'रेड सैंड बोआ' है और यह देखने में बिलकुल भी ख़तरनाक नहीं लगता है। अंतरराष्ट्रीय काले बाज़ार में इस सांप की भारी माँग है।
बिक़्री
20 वर्षीय युवक कर रहा था सांप को बेचने की कोशिश
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि रेड सैंड बोआ एक संरक्षित प्रजाति का सांप है, जिसकी ख़रीद-बिक़्री पर प्रतिबंध है। इसके बाद भी अंतरराष्ट्रीय काले बाज़ार में इस सांप का धड़ल्ले से व्यापार होता है।
पुलिस सहायक निरीक्षक नीलेश राणे के अनुसार, इस सांप को नवी मुंबई के पनवेल इलाक़े के पास लगे एक वन्यजीव बाज़ार से उस समय बरामद किया गया, जब 20 वर्षीय जाधव नाम का एक युवक इसे बेचने की कोशिश कर रहा था।
जानकारी
युवक के ख़िलाफ़ दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने बताया कि इस मामले में जाधव के ख़िलाफ़ भारतीय दंड संहिता और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे की कार्यवाई की अभी तक कोई जानकारी नहीं है।
किस्म
केवल रात में बाहर निकलता है यह सांप
रेड सैंड बोआ की सबसे बड़ी ख़ासियत है कि यह ज़हरीला सांप नहीं है और इसका आकार भी अन्य सांपों की तरह नहीं होता है।
इस सांप की पूँछ और सिर दोनों देखने में लगभग एक जैसे लगते हैं। यह सांप काफ़ी मोटा होता है, इसलिए यह धीरे-धीरे रेंगते हुए चलता है और केवल रात में बाहर निकलता है।
यह छोटे जीवों के साथ ही दूसरे छोटे सांपों को भी अपना शिकार बानाता है।
इस्तेमाल
इतना महँगा क्यों बिकता है सांप?
इस प्रजाति के सांपों का इस्तेमाल दवाईयों और सौंदर्य प्रसाधनों में किया जाता है, जो काफ़ी महँगी कीमत पर बिकते हैं।
इस वजह से इस सांप की अंतरराष्ट्रीय काले बाज़ार में भारी कीमत है। इसके अलावा इसका इस्तेमाल जादू-टोने में भी किया जाता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मादा रेड सैंड बोआ एक बार में कम से कम छह बच्चों को जन्म देती है।