LOADING...
जापान: मिलिए दुनिया के सबसे उम्रदराज वॉम्बैट से, औसत उम्र से दोगुनी है आयु
दुनिया का सबसे उम्रदराज वॉम्बैट

जापान: मिलिए दुनिया के सबसे उम्रदराज वॉम्बैट से, औसत उम्र से दोगुनी है आयु

लेखन अंजली
Feb 15, 2024
01:17 pm

क्या है खबर?

वॉम्बैट 4 टांगों पर चलने वाला धानीप्राणी जानवर है, जो अपने शिशुओं को अपने पेट के पास बनी हुई एक धानी (थैली) में रखकर चलता है। इनका जीवनकाल आमतौर पर जंगलों में 5 से 15 साल का होता है, जबकि कैद में ये 20 साल तक जीवित रह सकते हैं। हालांकि, जापान के सत्सुकियामा चिड़ियाघर में रहने वाला वेन नामक वॉम्बैट अब 34 साल का हो चुका है, जिस कारण वह दुनिया का सबसे उम्रदराज वॉम्बैट बन गया है।

उम्र

34 साल का हो चुका है वेन

नवंबर, 1989 में एक कार दुर्घटना के बाद वेन को उसकी मां की थैली से बचाया गया था। गिनीज बुक की रिपोर्ट के मुताबिक, वेन 34 साल और 100 दिन का है। दुनिया के सबसे उम्रदराज वॉम्बैट का पिछला रिकॉर्ड पैट्रिक नामक एक वॉम्बैट के नाम था, जो ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया में बैलरैट वन्यजीव पार्क में रहता था। जब पैट्रिक की मृत्यु हुई तो वह 30 साल 200 दिन का था।

बयान

अच्छे से की जाती है वेन की देखभाल- कोजो 

चिड़ियाघर के निर्देशक कोजो सेजिमा ने वेन की लंबी उम्र का श्रेय उसकी कम तनाव वाली जीवनशैली को देते हैं। उनका कहना है कि जब वह सोना चाहता है तो सोता है और जब खाना चाहता है, तब खाता है। उन्होंने यह भी कहा कि सत्सुकियामा देश का दूसरा सबसे छोटा चिड़ियाघर है और इस वजह से कर्मचारी प्रत्येक जानवर की ईमानदारी से देखभाल करने में सक्षम हैं।

Advertisement

जानकारी

2 नर और एक मादा वॉम्बैट के साथ रहता है वेन

कोजो ने बताया कि वेन साल 1990 में एक साल की उम्र में 2 मादा वॉम्बैट, वंडर और टिया, के साथ चिड़ियाघर में आया था। वेन की वंडर से 2 बेटियां (सत्सुकी और सकुरा) थीं। सत्सुकी का 28 वर्ष की आयु में निधन हो गया, जबकि सकुरा की 11 वर्ष की आयु में मृत्यु हो गई थी।। अब वेन 3 वॉम्बैट के साथ रहता है, जिसमें से 2 नर और एक मादा हैं।

Advertisement

रहन-सहन

वेन का खान-पान और अन्य गतिविधियां

वेन के ब्रेकफास्ट में घास और शकरकंद होते हैं, जबकि डिनर में वह घास, शकरकंद, गाजर, कद्दू और सेब खाता है। इसके अतिरिक्त उसे कुछ मिनट मैदान में घूमना और धूप में झपकी लेना भी पसंद है। चिड़ियाघर के कर्मचारियों के अनुसार, वेन के खाने को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटा जाता है ताकि उसके लिए खाना आसान हो। इसके अतिरिक्त वेन की बढ़ती उम्र के कारण उसके बाड़े से सभी सीढ़ियां भी हटा दी गई हैं।

Advertisement