Page Loader
हरियाणा: यह व्यक्ति गर्मियों में ओढता है रजाई, सर्दियों में बर्फ की सिल्लियों पर लेटता है
हरियाणा के संतलाल को गर्मियों में ठंडी और सर्दियों में गर्मी महसूस होती है

हरियाणा: यह व्यक्ति गर्मियों में ओढता है रजाई, सर्दियों में बर्फ की सिल्लियों पर लेटता है

लेखन अंजली
Jun 26, 2023
09:16 pm

क्या है खबर?

जहां कई लोग चिलचिलाती गर्मी से परेशान होकर खुद को ठंडा रखने के लिए तरह-तरह के तरीके अपनाते हैं, वहीं हरियाणा के रहने वाले एक व्यक्ति पर मौसम का उलटा असर होता है। वह गर्मियों के दौरान तो 3-3 रजाइयां ओढ़ता है, वहीं सर्दियों में बर्फ खाने से लेकर ठंडे पानी से नहाना पसंद करता है। हैरानी यह है कि अब तक डॉक्टर भी पता नहीं लगा सके हैं कि उसके ऐसा महसूस करने के पीछे क्या वजह है।

गर्मियां

गर्मियों में इस तरह से रहता है व्यक्ति

यह बात अजीब लग सकती है, लेकिन सच है। महेंद्रगढ़ जिले के डेरोली अहीर नामक गांव के रहने वाले 58 वर्षीय संतलाल को भीषण गर्मी में जबरदस्त ठंड लगती है, जबकि सर्दियों के दौरान गर्मी का अहसास होता है। वह गर्मियों के दौरान खुद को 2-3 गर्म रजाइयों से ढककर धूप में बैठते हैं। यही नहीं, जब संतलाल को गर्मियों में बहुत ठंड लगती है तो वह अलाव जलाकर आग भी सेकते हैं।

सर्दियां

सर्दियों में गर्मी से बचने के लिए तरह-तरह के तरीके अपनाते हैं संतलाल

सर्दियों के दौरान खुद को ठंडा रखने के लिए संतलाल तरह-तरह के तरीके अपनाते हैं। उनके परिजनों के मुताबिक, संतलाल सर्दियों में बर्फ की सिल्ली पर लेटते हैं और सुबह 5 बजे जाकर तालाब के ठंडे पानी से नहाते हैं। यही नहीं, कई बार तो वह गर्मी से इतना परेशान हो जाते हैं कि सारा दिन पानी में ही रहते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि संतलाल को आज तक कोई बीमारी नहीं हुई है।

डॉक्टर

संतलाल को अजूबा बताते हैं डॉक्टर

संतलाल के परिजनों ने यह भी बताया कि एक बार जिला प्रशासन उन्हें एक लाख रुपये देकर सम्मानित कर चुका है और डॉक्टर उन्हें अजूबा कहते हैं। कई बार विदेश से आई डॉक्टरों की टीम ने भी संतलाल की जांच की, लेकिन आज तक कोई भी यह नहीं बता सका कि संतलाल को गर्मियों में ठंड और सर्दियों में गर्मी क्यों लगती है। संतलाल अपने गांव में बहुत मशहूर हैं और उन्हें कई लोग मौसम विभाग कहकर बुलाते हैं।

जानकारी

संतलाल बना चुके हैं विश्व रिकॉर्ड

संतलाल अपने अनोखे शारीरिक तापमान के कारण साल 2017 में बर्फ की सिल्ली पर लेटकर विश्व रिकॉर्ड भी बना चुके हैं। उन्होंने यह कारनाम सर्दियों के दौरान किया था, इसलिए उनके नाम यह रिकॉर्ड दर्ज हुआ।