Loading...
कैब ड्राइवर के थकने पर युवक ने लखनऊ तक खुद चलाई गाड़ी, जीता लोगों का दिल
कैब ड्राइवर के थकने पर युवक ने खुद चलाई कैब (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@travellermishra_)

कैब ड्राइवर के थकने पर युवक ने लखनऊ तक खुद चलाई गाड़ी, जीता लोगों का दिल

लेखन सयाली
Sep 14, 2026
12:14 pm

क्या है खबर?

कई बार कुछ लोग एक छोटे-से कदम से नेकी की मिसाल पेश कर देते हैं और साबित कर देते हैं कि इंसानियत आज भी जिंदा है। ऐसा ही कुछ लखनऊ के रहने वाले शिवम मिश्रा उर्फ डेविड जेकब ने कर दिखाया, जिसके चलते लोग उनकी जमकर सराहना कर रहे हैं। दरअसल, नोएडा से लखनऊ जाते समय जब उनका कैब ड्राइवर थका हुआ नजर आया तो डेविड ने खुद गाड़ी की स्टीयरिंग व्हील थामी और करीब 2 घंटे तक कैब चलाई।

मामला

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

डेविड ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह कैब चलाते हुए नजर आए। इस दौरान गाड़ी के पीछे वाली सीट पर एक व्यक्ति आराम से सोता हुआ नजर आया, जो कैब ड्राइवर था।

डेविड ने वीडियो में बताया, "हमने नोएडा से लखनऊ के लिए गाड़ी बुक की थी। जिस भाई से गाड़ी बुक की थी, वो बेचारा कल ही गाड़ी चलाकर आया था और थका हुआ था। देखिए अब पीछे सो रहा है।"

संदेश

डेविड ने इस कदम से दुनिया को दिया अहम संदेश

आम तौर पर लोग कैब ड्राइवर पर भड़क जाते हैं कि उन्होंने गाड़ी बुक की है तो उन्हें मंजिल तक ले जाना ही पड़ेगा। हालांकि, डेविड ने जो किया, वह दिखाता है कि अच्छाई और दया को जीवित रखना भी जरूरी है।

उन्होंने ड्राइवर पर गुस्सा न करते हुए खुद कमान संभाली और हाइवे पर गाड़ी चलाई। उन्होंने संदेश दिया, "कभी भी कैब वालों पर गुस्सा मत करना, ऐसे में हमने ही स्टीयरिंग थाम ली है।"

ADVERTISEMENT

ट्विटर पोस्ट

Twitter Post

ADVERTISEMENT

बयान

खास बात-चीत में क्या बोले डेविड?

न्यूजबाइट्स हिंदी ने डेविड से खास बातचीत की, जिसमें उन्होंने बताया कि कैब वाले ने उन्हें नोएडा के एक चौराहे से बैठाया था। वह गजरौला तक जा रहा था, जहां से डेविड दूसरी गाड़ी करते।

उन्होंने बताया, "कैब वाले ने मुझसे कहा कि मैं 2 दिनों से गाड़ी चला रहा हूं और थका हूं, इसलिए आराम से चलेंगे।"

इसपर डेविड ने कहा, "कोई बात नहीं भाई, तुम आराम कर लो। मैं गाड़ी चलाता हूं और पैसे भी पूरे दे दूंगा।"

मकसद

डेविड ने बताई वीडियो बनाने की वजह

डेविड ने इस प्रसंग की वीडियो बनाने के पीछे की वजह का भी खुलासा किया। उन्होंने बताया, "वीडियो बनाने का उद्देश्य यही था कि लोगों को हमेशा दया और इंसानियत दिखानी चाहिए। कोई कैसा भी काम करे, उसपर गुस्सा नहीं करना चाहिए।"

उन्होंने आगे कहा, "मैं चाहता था कि लोगों तक यह संदेश जाए कि दूसरों की भावनाओं को भी समझना चाहिए और केवल अपना ही नहीं देखना चाहिए।"

ट्रैफिक के चलते डेविड 2 घंटे में रास्ता तय कर पाए।

डेविड

पेशे से खिलाड़ी और यूट्यूबर हैं डेविड

यह पूरा मामला डेविड के लिए किसी एडवंचर जैसा था और कैब ड्राइवर के लिए आराम करने का मौका था। डेविड भारतीय खेल प्राधिकरण में खिलाड़ी हैं और युवाओं को आर्मी के लिए प्रशिक्षित भी करते हैं।

साथ ही वह एक व्लॉगर, यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर भी हैं और यात्रा से जुड़े वीडियो बनाते हैं। डेविड ट्रेकिंग का शौक रखते हैं और पहाड़ों से उन्हें खास लगाव है।

हम सभी उनसे बहुत कुछ सीख सकते हैं।

ADVERTISEMENT