LOADING...
मशहूर होने से पहले बीटल्स के गायक जॉन लेनन का लिखा हुआ प्रेम पत्र होगा नीलाम 
बीटल्स के गायक लेनन का प्रेम पत्र होगा नीलाम

मशहूर होने से पहले बीटल्स के गायक जॉन लेनन का लिखा हुआ प्रेम पत्र होगा नीलाम 

लेखन सयाली
Jun 15, 2025
12:00 pm

क्या है खबर?

बीटल्स का नाम तो हम सभी ने सुना है, जो 1960 में बनने वाला लिवरपूल का रॉक बैंड था। यह बैंड 4 गायकों ने मिलकर शुरू किया था, जिन्हें लोग 'फैब 4' नाम से भी पुकारते थे। इनमें से जॉन लेनन सबसे मशहूर हुए थे, जो कि बीटल्स के संस्थापक, प्रमुख गायक और गिटारवादक थे। अब प्रसिद्ध होने से पहले उनके द्वारा लिखा गया एक प्रेम पत्र मिला है, जिसकी नीलामी की तैयारियां हो रही हैं।

पत्र

अपनी पूर्व पत्नी के लिए लिखा था यह पत्र

यह प्रेम पत्र बैंड की लोकप्रियता बढ़ने से पहले 1962 में लिखा गया था। लेनन ने यह रोमांटिक पत्र अपनी पूर्व पत्नी सिंथिया पॉवेल के लिए लिखा था। उस वक्त लेनन महज 21 साल के थे और हैम्बर्ग में अपने बैंड के साथियों के साथ पहली बार परफॉर्म कर रहे थे। जब यह पत्र लिखा गया था तब सिंथिया उनकी गर्लफ्रेंड हुआ करती थीं और दोनों शादी के बंधन में नहीं बंधे थे।

लिखना

5 दिनों तक लिखते रहे थे अपने दिल की बातें

इस पत्र में लेनन ने रोमांटिक अंदाज में अपने दिल की बातें लिखकर बयान की थीं और सिंथिया को कुछ जरूरी बातें भी बताई थीं। इसे पूरा करने में उन्हें 5 दिन का समय लग गया था। लेनन ने लिखा था, "काश मैं यहां होने के बजाय रविवार के अखबार, चॉकलेट और एक थ्रोबर के साथ आपके फ्लैट में होता।" वहीं, पत्र में उन्होंने बीटल्स के मूल बास वादक स्टुअर्ट सुटक्लिफ की मृत्यु की दुखद खबर भी सुनाई थी।

नीलामी

क्रिस्टीज करवाएगा इस पत्र की नीलामी

पत्र की नीलामी का आयोजन क्रिस्टीज द्वारा करवाया जा रहा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि यह पत्र 34 लाख से लेकर 43 लाख रुपये के बीच बिक सकता है। क्रिस्टीज के पुस्तक और पांडुलिपि प्रमुख थॉमस वेनिंग ने कहा, "यह हमें लेनन और सिंथिया को 2 युवा प्रेमियों के रूप में दिखाता है और लेनन का एक लापरवाह और बेपरवाह रूप दिखाता है।" पत्र के लिखे जाने के 6 महीने बाद ही बीटल्स विश्व प्रसिद्ध हो गया था।

याद

'मैं तुम्हें याद करता हूं'- लेनन

इस पत्र में लेनन सिंथिया को कुछ सुझाव भी देते हैं। वह उन्हें पॉल मैककार्टनी की गर्लफ्रेंड डॉट रोन के साथ रहने से मना करते हैं। इसके अलावा, वह अपनी प्रेमिका को बताते हैं कि उनका शो कितना शानदार हुआ और उन्हें खूब प्रशंसा मिली। पत्र के अंत में वह सिंथिया को ईस्टर त्योहार की बधाई देते हैं और कहते हैं कि दूर रहते हुए वह उन्हें हद से ज्यादा याद कर रहे हैं।

रिश्ता

कैसा रहा था सिंथिया और लेनन का रिश्ता?

जिस वक्त यह प्रेम पत्र लिखा गया था, उस वक्त लेनन और सिंथिया के रिश्ते को 4 साल हो चुके थे। इस पत्र के लिखे जाने के करीब 4 महीने बाद ही दोनों ने शादी रचा ली थी। उसके एक साल बाद दोनों ने अपने प्यारे से बेटे जूलियन का स्वागत किया था। साल 1968 में इस जोड़े के बीच खट्टास आ गई और उन्होंने तलाक ले लिया। इसके एक साल बाद लेनन ने योको ओनो से विवाह कर लिया।