Page Loader
इटली: सर्कस से भागकर शहर में घुस आया शेर, डर कर लोग घरों में दुबके
इटली की सड़कों पर घूमता नजर आया शेर

इटली: सर्कस से भागकर शहर में घुस आया शेर, डर कर लोग घरों में दुबके

लेखन गौसिया
Nov 12, 2023
05:56 pm

क्या है खबर?

इटली के शहर रोम से एक बेहद हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां सर्कस से एक शेर भागकर रिहायशी इलाकों में खुलेआम घूमता हुआ नजर आया। इससे पूरे शहर के लोग डर और सहम गए और उनके बीच दहशत का माहौल बन गया। इस घटना के बाद शहर को रेड अलर्ट पर भी रखा गया था। फिलहाल राहत वाली बात यह है कि घंटों मशक्कत के बाद इस शेर को पकड़ लिया गया है।

मामला

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, रोम के पास एक छोटे से शहर लाडिस्पोली में 11 नवंबर को देर रात सर्कस से किम्बा नाम शेर भाग गया। वह सर्कस से भागने के बाद स्थानीय इलाकों में ही घूमते हुए नजर आया, जिसके तुरंत बाद पूरे शहर को रेड अलर्ट पर रखा गया। इसके अलावा सभी लोगों को घर के अंदर ही रहने के लिए भी कह दिया गया। इस घटना के कारण लोग काफी डर गए।

खोज

घंटों की मशक्कत के बाद काबू में आया शेर

स्थानीय लोगों ने अपने घरों के अंदर से किम्बा शेर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा भी किया, जब वह उनके घरों के सामने से गुजर रहा था। इस दौरान पुलिस और सर्कस कर्मचारी शेर को पकड़ने की लगातार कोशिश कर रहे थे। कई घंटों की मशक्कत के बाद रात करीब 10 बजे शेर को बेहोश करके पकड़ लिया गया, जिसके बाद अधिकारी समेत निवासियों ने राहत की सांस ली।

पोस्ट

शहर के मेयर ने क्या कहा?

इस मामले को लेकर मेयर एलेसेंड्रो ग्रांडो लगातार सोशल मीडिया के जरिए निवासियों को शेर से दूर रहने की चेतावनी भी दे रहे थे। इसके साथ ही उन्होंने एक्स पर शेर को पकड़ने में शामिल लोगों का धन्यवाद भी किया। उन्होंने पोस्ट पर लिखा, 'शेर को बेहोश करके पकड़ लिया गया है और अब इस पर सर्कस के अधिकारी का कब्जा होगा। शेर के पकड़ने के लिए राज्य पुलिस, अग्निशामकों और स्वयंसेवकों को उनकी सेवा के लिए धन्यवाद।'

जवाब

"शहर में सर्कस पर प्रतिबंध लगाने का नहीं है अधिकार"

मेयर ने उन लोगों के सवालों का जवाब भी दिया है, जिन्हें शेर को वापस सर्कस अधिकारियों को सौंपने या फिर शहर में सर्कस के होने पर आपत्ति है। उन्होंने कहा, "हम शहर में जानवरों के सर्कस पर प्रतिबंध नहीं लगा सकते हैं। यह मेरे ऊपर निर्भर नहीं है। 2017 में हमने ऐसा करने की कोशिश की थी, लेकिन हम अपील हार गए थे। अब जब तक नियम नहीं बदलते हैं, हम इस पर कुछ नहीं कर सकते।"

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए वीडियो