Page Loader
हैदराबाद: आज नहीं दिखेगी किसी भी चीज की परछाई, लोग करेंगे 'जीरो शैडो डे' का अनुभव
हैदराबाद में आज अनुभव किया जाएगा जीरो शैडो डे

हैदराबाद: आज नहीं दिखेगी किसी भी चीज की परछाई, लोग करेंगे 'जीरो शैडो डे' का अनुभव

लेखन अंजली
Aug 03, 2023
12:05 pm

क्या है खबर?

हैदराबाद में आज यानी 03 अगस्त को एक दुर्लभ खगोलीय घटना घटने वाली है। इस दौरान कुछ समय के लिए शहर में किसी भी चीज की परछाई नहीं होगी। इस घटना को 'जीरो शैडो डे' के नाम से जाना जाता है। यह घटना दोपहर 12:23 मिनट पर होगी। इस अवसर पर हैदराबाद के बिरला तारामंडल में घटना को प्रदर्शित करने के लिए एक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया है। आइए इस अनोखी घटना के बारे में विस्तार से जानते हैं।

खगोलीय घटना

जीरो शैडो डे क्या है? 

एस्ट्रोनॉमिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया (ASI) के अनुसार, इस खगोलीय घटना पर सूर्य कुछ समय किसी भी वस्तु की परछाई नहीं बनाता। इस समय यह ठीक ऊपर (चरम स्थिति) होता है और इसके चलते यह घटना होती है। जीरो शैडो डे साल में 2 बार ट्रॉपिक्स (कर्क रेखा और मकर रेखा के बीच) की जगह पर पड़ता है। इन जगहों पर रहने वाले लोगों के लिए सूर्य का झुकाव उत्तरायण और दक्षिणायन दोनों के दौरान उनके अक्षांश के बराबर होता है।

जानकारी

इस घटना की अवधि कितनी होती है?

भारत में सबसे ज्यादा मुंबई, बेंगलुरू और हैदराबाद में जीरो शैडो डे का अनुभव किया जाता है और यह घटना कुछ सेकंड के लिए ही होती है, लेकिन इसका प्रभाव करीब 1-2 मिनट तक रहने की संभावना होती है।

वजह

किस वजह से जीरो शैडो डे का अनुभव किया जाता है?

जीरो शैडो डे का कारण है कि पृथ्वी की धुरी सूर्य के चारों ओर अपनी परिक्रमा के तल पर 23.5 डिग्री पर झुकी हुई है, जिसके कारण अलग-अलग मौसम होते हैं। जीरो शैडो डे पर सूर्य दिन के अपने उच्चतम बिंदु पर खगोलीय भूमध्य रेखा के 23.5 डिग्री दक्षिण से भूमध्य रेखा (उत्तरायण) के 23.5 डिग्री उत्तर की ओर जाएगा और एक वर्ष में दोबारा (दक्षिणायन) वापस आ जाएगा। इस तरह से यह घटना साल में 2 बार होती है।

शहर

बेंगलुरू और मुंबई में भी इस घटना का किया गया था अनुभव 

बेंगलुरू के निवासियों को इसी साल 25 अप्रैल के महीने में इस घटना को देखने का अवसर मिला था और वहां अगली बार 18 अगस्त को जीरो शैडो डे होने की संभावना है। इसके बाद इस खगोलीय घटना को मुंबई के लोगों ने 15 मई को अनुभव किया था। मुंबई के लोगों ने घटना की तस्वीरें लीं और उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। बिना छाया वाली वस्तुओं और लोगों की तस्वीरें तेजी से वायरल हुई थीं।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए मुंबई में घटित इस अनोखी खगोलीय घटना की तस्वीर और वीडियो