अमेरिका: सोने के बने इस आलीशान घर को घाटे में बेच रहा मालिक, जानिए वजह
क्या है खबर?
आपने सोने की लंका के बारे में तो सुना होगा, लेकिन क्या कभी 'सोने के घर' के बारे में सुना है?
अमेरिका के न्यू जर्सी में ऐसा एक घर है। हालांकि, ये पूरा घर सोने का नहीं है सिर्फ इसकी सजावट सोने की पत्तियों से की गई है। हालांकि, इनकी मात्रा बहुत अधिक है।
फिलहाल इस घर के मालिक इसे बेच रहे हैं, लेकिन हैरानी वाली बात है कि वो इस आलीशान घर को घाटे में बेच रहे हैं।
कीमत
मालिक ने घर की सजावट के लिए खर्च किए थे करोड़ों रुपये
'शैटो शेरी' नामक यह घर ब्यूटी इंडस्ट्री में काम करने वाली डेनियल जी फुंस और शेरी फुंस का है।
2007 से साथ इस जोड़े ने इस महलनुमा घर को 2012 में 20 लाख डॉलर (लगभग 16.68 करोड़ रुपये) में खरीदा था।
इसके बाद उन्होंने इस घर में अपने हिसाब से बदलाव कराए और इसे सजाया। इस पर उन्होंने 1.4 करोड़ डॉलर (लगभग 116.79 करोड़ रुपये) खर्च किए।
इस हिसाब से इसकी कुल लागत लगभग 133.47 करोड़ रुपये रही।
जानकारी
मालिक लागत से कम कीमत में बेच रहे आलीशान घर
16,000 वर्ग फुट के अपने इस घर को फुंस दंपति अब 99.95 लाख डॉलर (लगभग 83.38 करोड़ रुपये) में बेच रही है, यानी इसे बनाने में लगी लागत से 50.05 करोड़ रुपये कम। स्थानीय बाजार के हिसाब से उन्होंने ये कीमत कम की है।
खासियत
सोने की पत्तियों से सजा है आलीशान घर
इस आलीशान घर की सबसे खास बात ये है कि इसमें सजावट के लिए 22 कैरेट सोने की पत्तियों की 47,000 शीट लगी हुई हैं। इसी कारण इसे 'सोने का घर' कहा जाता है।
इस घर में 8 बेडरूम, 13 शानदार अंगीठी, एक होम थिएटर और 2 बार हैं।
घर में सबसे पहले एक हॉल है, जिसमें सफेद संगमरमर का पत्थर, गुबंद और सिंड्रेला प्रकार की सीढ़ी हैं, जिसके खंभों पर सोने की परत की सजावट है।
सुविधा
घर पर ही मौजूद हैं ये सुविधाएं
इस आलीशान घर के पीछे एक बड़ा-सा आंगन है, जिसमें एक बड़ा पूल और जकूजी है। इसके अलावा रसोई के साथ एक छोटा-सा भवन भी है।
घर में पार्किंग का भी ख्याल रखा गया है और लिफ्ट से सुसज्जित एक कार का गैराज है, जिसमें कुल 8 कारें खड़ी की जा सकती हैं।
इसके अलावा एक सैलून भी है, जिसमें शेरी अपने बाल की स्टाइलिंग करवाती हैं और अपने प्रोडक्ट्स की जांच करती हैं। घर में एक जिम भी है।
बयान
घर को घाटे में बेचने से मालिक को नहीं है कोई परेशानी
द वॉल स्ट्रीट जनरल के अनुसार, डेनियल ने बताया कि उन्होंने ये घर अपनी पत्नी और परिवार के आनंद के लिए खरीदा था, न कि निवेश पर लाभ कमाने के लिए और इसी कारण उन्हें इसे घाटे में बेचने से दिक्कत नहीं है।
ये फुंस दंपति का सपनों का घर था और इसे उन्होंने बेहद प्यार और नजाकत के साथ सजाया था।
बता दें, इस खूबसूरत घर में उन्हें सोने की पत्तियों से सजावट कराने में 8 महीने लगे थे।
नया घर
नए घर में जाने की है योजना
फुंस दंपति अपने इस घर को छोड़ने पर दुखी हैं, लेकिन अब वो अपना ज्यादातर समय अपने सुपरयॉट (आलीशान नौका) पर ही गुजारते हैं।
उनकी योजना रेड बैंक स्थित अपने दूसरे घर में शिफ्ट होने की है, ताकि वो ज्यादा से ज्यादा समय सुपरयॉट पर बिता सकें।
शेरी लाडोव नामक एक ब्यूटी कंपनी की मुख्य कार्यकारी हैं, वहीं डेनियल की भी परफ्यूम की एक कंपनी थी, जिसे बेचकर अब वो शेरी की कंपनी के बोर्ड के चेयरमैन बन गए हैं।