Page Loader
जर्मनी: व्यक्ति ने सबसे तेज खिलौना कार चलाकर बनाया विश्व रिकॉर्ड
व्यक्ति ने खिलौना कार से बनाया विश्व रिकॉर्ड (प्रतीकात्मक तस्वीर)

जर्मनी: व्यक्ति ने सबसे तेज खिलौना कार चलाकर बनाया विश्व रिकॉर्ड

लेखन अंजली
Feb 19, 2024
01:54 pm

क्या है खबर?

अब तक आपने बच्चों को खिलौना कार से खेलते देखा होगा, लेकिन पिछले साल इससे एक विश्व रिकॉर्ड बना है। दरअसल, अगस्त, 2023 में जर्मनी के मार्सेल पॉल ने सबसे तेज खिलौना कार चलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने 148.454 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से यह कार चलाकर गिनीज बुक में अपना नाम दर्ज करवा लिया है। 18 फरवरी को गिनीज बुक ने मार्सेल का एक वीडियो भी अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है।

रिकॉर्ड

मार्सेल ने इस प्रयास के लिए खुद बनाई खिलौने वाली कार

फुलडा यूनिवर्सिटी ऑफ अप्लाइड साइंसेज में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छात्र मार्सेल ने इस प्रयास के लिए पहले एक खिलौना कार को अपनी जरूरत के हिसाब से तैयार किया। इसके बाद 10 महीने तक कार को लेकर कई तरह के शोध किए ताकि कोई दिक्कत न आए। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के मुताबिक, मार्सेल ने कहा कि फिल्म 'बैक टू द फ्यूचर' में डेलोरियन द्वारा बनाए गए 141.62 किलोमीटर प्रति घंटे को पार करना उनका व्यक्तिगत लक्ष्य था।

प्रतिक्रियाएं

लोग दे रहे ऐसी प्रतिक्रियाएं

मार्सेल के रिकॉर्ड की वीडियो को अब तक लगभग 5.5 लाख बार देखा जा चुका है, जबकि 18,000 से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं। इसके साथ ही लोगों ने वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए तरह-तरह के कमेंट्स भी किए। एक व्यक्ति ने लिखा, 'यह एक अच्छा और अनोखा विश्व रिकॉर्ड है।' एक अन्य व्यक्ति ने लिखा, 'यह प्रयास देखने में जितना आसान लग रहा है, उतना खतरनाक भी है लेकिन रिकॉर्डधारक ने इसे जीत लिया।'

अन्य विश्व रिकॉर्ड

रिमोट कंट्रोल कार ने दुर्घटना में विस्फोट होने से पहले बनाया विश्व रिकॉर्ड 

अगस्त 2023 में ही यूनाइटेड किंगडम (UK) के जेम्स व्होम्सली नामक एक यूट्यूबर ने अपनी रिमोट कंट्रोल जेट संचालित कार के जरिए विश्व रिकॉर्ड बनाया था। उनकी कार ने 152.50 किमी/घंटा (94.76 मील प्रति घंटे) की तीव्र गति से चलकर यह रिकॉर्ड बनाया। हालांकि, सफर के दौरान उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अगर दुर्घटना नहीं होती तो उनकी कार संभावित रूप से उस गति से और अधिक गति का रिकॉर्ड बना सकती थी।

जानकारी

विश्व रिकॉर्ड कैसे बनाएं या तोड़े?

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की वेबसाइट के अनुसार, अगर किसी व्यक्ति में कुछ हटके करने या पिछला रिकॉर्ड तोड़ने की क्षमता है तो उसे सबसे पहले इसके लिए वेबसाइट पर आवेदन करना होगा। इसके बाद वेबसाइट पर कुछ जानकारी की जांच करने का सुझाव देते है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि आपके पास रिकॉर्ड तोड़ने के लिए आवश्यक चीजें हैं। अगर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड को सभी जानकारी ठीक लगती है तो उनकी टीम आपसे संपर्क करेगी।