Page Loader
पेरिस में होने वाली है फ्रांस के सम्राट नेपोलियन की बेशकीमती तलवार की नीलामी, जानिए कीमत
नेपोलियन की तलवार होगी नीलाम

पेरिस में होने वाली है फ्रांस के सम्राट नेपोलियन की बेशकीमती तलवार की नीलामी, जानिए कीमत

लेखन सयाली
Apr 28, 2025
02:16 pm

क्या है खबर?

नेपोलियन बोनापार्ट का नाम फ्रांस के इतिहास में बेहद अहम है, क्यूंकि वह फ्रांसीसी सेना के सबसे सफल जनरलों में से एक थे। उन्होंने 1804-15 में फ्रांस के सम्राट के रूप में गद्दी संभाली थी। उन्हें इतिहास के सबसे महान सैन्य नेताओं में से एक माना जाता है, क्यूंकि उन्होंने अनेक लड़ाइयों में फ्रांसीसी सेना को विजय दिलाई थी। अब पेरिस में उनकी एक बेशकीमती तलवार नीलाम होने वाली है, जो आज भी उनके सैन्य कौशल की गाथा कहती है।

नीलामी

कब और कहां होने वाली है तलवार की नीलामी?

इस तलवार को नीलाम करने का फैसला 'द गिक्वेलो ऑक्शन फर्म' नामक नीलामीघर ने किया है, जो पेरिस में स्थित है। उनके आधिकारिक बयान के मुताबिक, इसकी नीलामी अगले महीने आयोजित की जाएगी, जिसके लिए 22 मई की तारीख तय हुई है। नीलामीघर का अनुमान है कि इस नायाब तलवार की कीमत 6.82 करोड़ से लेकर 9.38 करोड़ रुपये के बीच लग सकती है। देखा जाए तो यह नीलामी इतिहास में दिलचस्पी रखने वालों के लिए बहुत अहम होगी।

तलवार

1804 में बनवाई गई थी यह नायाब तलवार

इस तलवार को खास तौर से नेपोलियन के लिए ही बनवाया गया था। उन्होंने 1802 में इस तलवार को आर्डर किया था और अपने पूरे शासनकाल में इसे अपने पास ही रखा था। उन्होंने 1815 में यह तलवार अपने करीबी सहयोगी इमैनुएल डी ग्राउची को सौंप दी थी और उन्हें अपने साम्राज्य का अंतिम मार्शल नामित किया था। यह तलवार वाटरलू के युद्ध में नेपोलियन की आखरी हार के बाद से ही ग्राउची के परिवार के पास मौजूद थी।

अन्य तलवार 

एक जैसी दिखने वाली 2 तलवारों के मालिक थे नेपोलियन

नेपोलियन ने इस तलवार के जैसी दिखने वाली एक और तलवार भी बनवाई थी। जानकारी के मुताबिक, वह हु-बा-हु इसी की तरह दिखती है और उसे भी नेपोलियन लड़ाई के दौरान इस्तेमाल करते थे। अब वह तलवार रूस के सेंट पीटर्सबर्ग स्थित हर्मिटेज संग्रहालय में प्रदर्शित की जा रही है। फ्रांस में नेपोलियन की तमाम वस्तुएं आए दिन नीलामी के लिए उपलब्ध कराई जाती हैं, जो लोगों को आज भी आकर्षित करती हैं।

पिस्तौल

इससे पहले नीलाम हुई थीं नेपोलियन की 2 पिस्तौल

साल 2024 के जुलाई महीने में नेपोलियन की 2 पुश्तैनी पिस्तौल नीलाम की गई थीं। कहा जाता है कि उन्होंने कभी इन पिस्तौलों के जरिए अपनी जान लेने की कोशिश की थी। उन्हें पेरिस से कुछ दूर स्थित फॉनटेनब्लियू नामक शहर में नीलाम किया गया था। नेपोलियन द्वारा इस्तेमाल की गईं ये दोनों पिस्तौल करीब 15 करोड़ रुपये की कीमत पर नीलाम हुई थीं। हालांकि, इन्हें खरीदने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी गई थी।