
रोमन किले के पास चल रही थी खुदाई, तभी मिले 2,000 साल पुराने विशाल जूते
क्या है खबर?
दुनियाभर के पुरातत्वविदों को तमाम वस्तुएं मिलती रहती हैं, जो इतिहास की झलक पेश करती हैं। इसी कड़ी में अब इंग्लैंड में खुदाई कार्य के दौरान जमीन के नीचे से मध्यकाल की दुर्लभ चीज मिली है।
दरअसल, मैग्ना नाम के एक रोमन किले की खुदाई के दौरान पुरातत्वविदों को करीब 2,000 साल पुराने जूते मिले हैं। यह किला 112 ई के आसपास हैड्रियन की दीवार के करीब बनाया गया था।
आइए खोजे गए जूते के बारे में जानते हैं।
खोज
खाई के अंदर दबे हुए थे जूते
पुरातत्वविद लंबे समय से किले के आस-पास खुदाई कर रहे हैं। इसी दौरान उन्हें एक गहरी खाई नजर आई, जिसके निचले भाग में ये जूते पड़े हुए थे।
जानकारों की मानें तो यह एक गहरी खाई थी, जिसे रक्षा करने और हमलावरों को फंसाने के लिए बनाया गया था। खुदाई के दौरान जो जूते मिले हैं, उनका सोल यानि तलवा पूरी तरह से सुरक्षित है।
उनमें एक खरोंच तक नहीं पाई गई है, लेकिन वे मलबे से ढके मिले हैं।
जूता
खुदाई के दौरान पाए गए 2 विशाल जूते
शोधकर्ताओं द्वारा बताया जा रहा है कि उन्हें 2 जूते मिले हैं। उनके मुताबिक, इनमें से एक जूता किसी रोमन सैनिक का हुआ करता था, जिसके पैर काफी बड़े थे।
इन जूतों के सोल चमड़े से बने हुए हैं, जिनका आकार पैर की अंगुली से एड़ी तक 12.6 इंच है।
इन्हें 21 मई को खोजा गया था और शोधकर्ताओं का कहना है कि इनकी खोज यह पता लगाने में मददगार होगी कि उस वक्त जूते कैसे बनाए जाते थे।
पहला जूता
पहले जूते में लगी हुई थी सदियों पुरानी हील
पहले जो जूता पाया गया, उसके सोल की सभी परतें सही-सलामत थीं। साथ ही उसमें लगी हील का कुछ हिस्सा भी अब तक जुड़ा हुआ था।
इससे यह जानकारी सामने आ सकी कि पहले के समय में रोम में जूते बनाने के लिए चमड़े की कई परतों को जोड़ा जाता था।
बदकिस्मती से इस जूते की उंगलियों वाला भाग टूट चुका था, जिससे यह पता लगाना मुश्किल हो गया है कि इसका असली आकार कितना बड़ा रहा होगा।
दूसरा जूता
दूसरे जूते ने उड़ा दिए सभी कर्मचारियों के होश
खाई के बिल्कुल नीचे से बरामद दूसरे जूते का सोल पैर की अंगुली से लेकर एड़ी तक, पूरा सही-सलामत था। इसे देखने के बाद पुरातत्वविदों की आंखें फटी की फटी रह गईं थीं।
इस जूते का आकार 32 सेंटीमीटर है, जिसकी जांच करके यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि इसे कौन पहनता होगा।
इस जूते को खोजने वाली जो ने बताया, "ऐसी कोई भी चीज पाना हमेशा रोमांचक होता है, जिसे 2,000 सालों से छुआ नहीं गया हो।"
अन्य वस्तुएं
खुदाई के दौरान मिलीं ये अन्य चीजें
इस किले की खुदाई का कार्य पिछले 3 सालों से चल रहा है, जिसकी शुरुआत 2023 में हुई थी। 2025 में खुदाई को 1 अप्रैल से शुरू किया गया था, जो कि अब तक चल रही है।
इस दौरान पुरातत्वविदों को केवल ये जूते ही नहीं, बल्कि कई अन्य नायाब वस्तुएं भी मिल चुकी हैं। खुदाई के दौरान प्राचीन बर्तन, लकड़ी का कंघा, मार्बल का टुकड़ा और चमड़े के टुकड़े जैसी कई चीजें पाई गई थीं।