उत्तर प्रदेश: बुजुर्ग ने मरने से पहले करवाई अपनी तेरहवीं, 900 लोगों को दी दावत
क्या है खबर?
किसी व्यक्ति के निधन के 13 दिन बाद उनके परिवार वाले उनकी तेरहवीं रखवाते हैं, जिसमें पूजा-पाठ किया जाता है और शांति भोज करवाया जाता है। हालांकि, क्या हो अगर कोई जिंदा व्यक्ति अपनी ही तेरहवीं आयोजित करे? ऐसा उत्तर प्रदेश के बागपत में देखने को मिला, जहां एक 80 साल के बुजुर्ग ने मरने से पहले ही अपनी तेरहवीं करवाई। तेरहवीं का आयोजन रविवार को हुआ, जिसमें 900 लोगों को दावत दी गई थी।
मामला
बुजुर्ग ने क्यों लिया ऐसा फैसला?
जोहड़ी गांव के रहने वाले चौधरी बलजोर सिंह अपनी मृत्यु के बाद परिवार पर इन रिवाजों को छोड़ने के बजाय, अपने जीते-जी ही इन्हें पूरा करना चाहते थे।
वह अपनी एकलौती बेटी पर तेरहवीं की जिम्मेदारी का बोझ नहीं डालना चाहते थे।
ऐसे में उन्होंने खुद ही शांति हवन करवाया, अपने रिश्तेदारों और गांव वालों को दावत पर बुलाया और अपने 10 वर्षीय पोते मुकुल को 'पगड़ी समारोह' में अपनी जिम्मेदारियां सौंप दीं।
तेरहवीं
पगड़ी के साथ-साथ सौंपी परिवार की जिम्मेदारियां
बलजोर की तेरहवीं में उनका पूरा परिवार शामिल था और गांव के लोगों समेत उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री केपी मलिक भी शरीक हुए थे।
सुबह हवन पूरा करने के बाद पगड़ी समारोह हुआ, जो एक तरह से परिवार की जिम्मेदारियों को अगली पीढ़ी को सौंपने का प्रतीक था। इसके बाद सभी मेहमानों को खाना परोसा गया।
8 हलवाइयों ने मिलकर तेरहवीं का खाना तैयार किया, जिसमें पूड़ी, रायता, 2 तरह की सब्जियां और लड्डू समेत अन्य पकवान शामिल थे।
बलजोर
मेरा कोई बेटा नहीं है- बलजोर
बलजोर ने बताया, "मेरे मन में विचार आया कि चूंकि मेरा कोई बेटा नहीं है, इसलिए मुझे यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मेरी बेटी पर इन जिम्मेदारियों का बोझ न पड़े। मैं अपने जीते-जी ही यह काम कर रहा हूं। मेरा परिवार यहां है और गांव के लोग भी आ गए हैं। मेरी एक बेटी है, जिसके 3 बच्चे हैं, 2 दो लड़के और एक लड़की। मेरे पास 2 बीघा जमीन है, जो मैंने अपने पोते को दे दी है।"
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें वीडियो
उत्तर प्रदेश के बागपत में में एक तेरहवीं चल रही थी। हलवाई भोज बना रहे थे। 900 लोग न्योते पर आए थे। लेकिन जिस आदमी की तेरहवीं हो रही थी, वही आदमी जिंदा खड़ा था।
— Madan Mohan Soni (@madanmohansoni) November 16, 2026
80 साल के बलजोर सिंह ने जीते-जी अपनी तेरहवीं करा ली। बलजोर सिंह के कोई बेटा नहीं है। सिर्फ एक बेटी है। बलजोर सिंह ने तय… pic.twitter.com/kaFrT9OlaZ
बेटी
पिता के फैसले से खुश है बेटी
बलजोर की बेटी अपने पिता के इस फैसले से सहमत थीं और समारोह की तैयारियों से भी खुश थीं। उन्होंने कहा, "मेरे पिता जीवित रहते हुए ही अपनी तेहरवीं खुद कर रहे हैं। मैं उनकी इकलौती संतान हूं और मेरा कोई भाई नहीं है। यह अच्छा है।"
यह आयोजन शोक से भरी अन्य तेरहवीं से काफी अलग था। इसमें लोगों ने बलजोर से मिलकर बातें कीं और उनके जीवित रहते हुए ही उनके साथ बैठकर भोजन किया।