ब्रिटिश व्यक्ति ने दौड़ते हुए हल किए 4 रूबिक्स क्यूब, बनाया विश्व रिकॉर्ड
क्या है खबर?
रूबिक्स क्यूब हल करना और दौड़ लगाना, दोनों ही कठिन और चुनौती भरे काम हैं। हालांकि, यूनाइटेड किंगडम (UK) के एक व्यक्ति ने ये दोनों काम एक साथ करके दुनिया भर में नाम कमा लिया है। दरअसल, इस व्यक्ति ने तेज दौड़ते हुए 4 रूबिक्स क्यूब हल करने का विश्व रिकॉर्ड बना डाला है। व्यक्ति का नाम जॉर्ज स्कोली है, जिन्होनें सिर्फ 5 मिनट और 9.25 सेकंड में एक मील दौड़ते हुए 4 रूबिक्स क्यूब्स को हल कर दिखाया।
रिकॉर्ड
स्पीडक्यूबिंग चैंपियन हैं जॉर्ज
जॉर्ज पहले भी रिकॉर्ड बना चुके हैं और एक स्पीडक्यूबिंग चैंपियन हैं। उन्होंने 12 अक्टूबर को 'पजल क्यूब माइल' को सबसे कम समय में पूरा करने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
यह रिकॉर्ड कनाडा के टोरंटो स्थित सेंट्रल टेक हाई स्कूल में बनाया गया और यह उनका चौथा 'मल्टीटास्किंग स्पीडक्यूबिंग' रिकॉर्ड था। तेज हवा चलने के बावजूद भी जॉर्ज का हौंसला नहीं डगमगाया और उन्होंने यह कमाल कर के दिखाया।
अन्य रिकॉर्ड
2022 से शुरू हुआ सफर
जॉर्ज इंग्लैंड के नॉर्थम्प्टनशायर में पले-बढ़े और उन्होंने अक्टूबर 2022 में अपना पहला रिकॉर्ड कायम किया था। उस वक्त उन्होंने स्केटबोर्ड पर सवार होकर सबसे ज्यादा रोटेटिंग रुबिकस क्यूब्स सुलझाने का रिकॉर्ड बनाया था।
स्केटबोर्ड पर करतब दिखाते हुए, उन्होंने लगभग 90 मिनट में कुल 500 क्यूब्स सुलझा लिए थे। इसके बाद उन्होंने 24 घंटों में सबसे ज्यादा क्यूब्स (कुल 6,931) हल करने का रिकॉर्ड बनाया था, जिसने सबको हैरान कर दिया था।
जॉर्ज
2024 के रिकॉर्ड से हुए मशहूर
जॉर्ज ने अपना सबसे सराहनीय रिकॉर्ड 2024 में कायम किया, जो मैराथन दौड़ते समय सबसे ज्यादा रोटेटिंग पजल क्यूब्स सुलझाने का था। उन्होंने उस वक्त लंदन मैराथन के दौरान कुल 520 क्यूब्स हल किए थे।
उनके रिकार्ड्स को देखते हुए रेड बुल और रूबिक्स ने उन्हें अपना ब्रांड एंबेसडर बना लिया है। जॉर्ज किसी ऐसे ही रिकॉर्ड को फिर से तोड़ने की तलाश में थे, तभी उन्हें 'पजल क्यूब माइल' रिकॉर्ड के बारे में पता चला।
प्रयास
हफ्तों पहले से कर रहे थे तैयारी
जॉर्ज ने 7 हफ्तों पहले से ही नए रिकॉर्ड के लिए प्रशिक्षण शुरू कर दिया था, जिसे उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर साझा भी किया।
उन्होंने अपनी तैयारी की प्रगति के सबूत साझा किए, जिसमें दिखा कि वह सिर्फ 3.86 सेकंड में एक क्यूब हल कर पा रहे थे और एक मील की दूरी 4 मिनट और 50 सेकंड में पूरी कर पा रहे थे।
नया रिकॉर्ड बनाने के बाद जॉर्ज ने अपने दोस्त को गले लगाकर जश्न मनाया।