Page Loader
बिहार: युवक के गांव वालों ने 20 दिनों में 2 बार कराई उसकी जबरन शादी
युवक की 20 दिनों के भीतर जबरन कराई गईं 2 शादियां (प्रतीकात्मक तस्वीर: पिक्सेल)

बिहार: युवक के गांव वालों ने 20 दिनों में 2 बार कराई उसकी जबरन शादी

लेखन सयाली
May 13, 2024
05:49 pm

क्या है खबर?

बिहार एक ऐसा राज्य है, जहां जबरन विवाह की प्रथा आज भी देखने को मिलती है। इस प्रथा में लोग दूल्हा या दुल्हन को उनकी मर्जी के खिलाफ पकड़कर उनकी शादी करा देते हैं। ऐसा ही एक मामला बिहार के जमई जिले से सामने आया है, जहां युवक की गांव वालों ने जबरदस्ती शादी करवा दी। इस 19 वर्षीय युवक की 20 दिनों के अंदर ही 2 बार शादी करा दी गई। आइए पूरे मामले को विस्तार से जानते हैं।

मामला

प्रेमिकाओं के परिजनों ने घर पर पकड़कर करवाया विवाह 

दरअसल, दोनों ही मामलों में विनोद कुमार नाम का यह युवक अपनी प्रेमिकाओं से मिलने उनके घर गया था। उनसे मिलने के दौरान युवतियों के परिजनों ने विनोद को दोनों बार पकड़ लिया और जबरन विवाह करवा दिया गया। विनोद अक्षरा नामक गांव का रहने वाला युवक है, जिसके पिता का नाम प्रदीप तंती है। इस घटना के उजागर होने के बाद विनोद के खिलाफ जमई स्थित मलयपुर थाना में केस दर्ज कराया गया है।

प्रीती

फेसबुक पर हुई थी प्रीती नामक लड़की से बातचीत 

विनोद प्रीती कुमारी नामक लड़की से फेसबुक पर मिला था, जो नवकाडीह गांव की निवासी थी। जानकारी के मुताबिक, वह पहले से ही शादीशुदा थी और उसका एक बच्चा भी है। विनोद के प्यार में पड़ने के बाद दोनों ने तय किया कि वह प्रीती के पुराने रिश्ते की परवाह किए बिना अपना रिश्ता कायम रखेंगे। 22 अप्रैल को जब विनोद प्रीती से मिलने गया तो उन्हें गांव वालों ने देख लिया, जिसके बाद दोनों की शादी करा दी गई।

अन्य रिश्ता

शादी के बाद गिरजा नामक युवती से चल रहा था विनोद का चक्कर 

विनोद और प्रीती विवाहित जोड़े की तरह रहने लगे, लेकिन इस कहानी में अचानक नया मोड़ आ गया। दरअसल, शादी से पहले विनोद गिरजा नामक युवती से प्यार करता था। वह गांव में DJ बजाते समय उस युवती के पसंद के गाने चलाता था, जिससे प्रभावित होकर दोनों में बातचीत शुरू हुई। विनोद ने शादी होने के बाद भी गिरजा से अपना रिश्ता कायम रखा। हालांकि, दोनों ने अपने परिवार और पत्नी से इस रिश्ते को छुपाया था।

शादी

गिरजा पहली बीवी के साथ रहने के लिए है तैयार 

एक दिन विनोद अपनी दूसरी प्रेमिका गिरजा से मिलने उसके घर गया था। हालांकि, इस बार भी उसे युवती के गांव वालों ने पकड़ लिया। पकड़े जाने के बाद गांव वाले दोनों को जबरदस्ती मंदिर ले गए और उनकी शादी करवा दी। इस बात से अवगत होने के बाद प्रीती ने विनोद के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया। गिरजा दूसरी बीवी होने के बाद भी प्रीती और विनोद के साथ खुशी-खुशी रहने के लिए तैयार है।