Page Loader
प्राचीन समय का खूबसूरत फूलदान हुआ अरबों रुपये में नीलाम, जानिए क्या है खासियत 
5 अरब रुपये लगी इस फूलदान की कीमत

प्राचीन समय का खूबसूरत फूलदान हुआ अरबों रुपये में नीलाम, जानिए क्या है खासियत 

लेखन सयाली
Jan 21, 2025
11:52 am

क्या है खबर?

पुराने समय की वस्तुएं आज भी घरों की शोभा बढ़ाती है। चाहे वह कोई पेंटिंग हो या फूलदान, इन्हें हासिल करने के लिए लोग करोड़ों की कीमत चुकाने के लिए भी तैयार हो जाते हैं। इसी कड़ी में अब एक प्राचीन फूलदान की नीलामी की गई है। यह फूलदान इसलिए चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि एक समय पर किसी प्राचीन वस्तुओं वाले रोड शो ने इसे मामूली समझ कर प्रदर्शित करने से भी इंकार कर दिया था।

गुलदस्ता

क्विंग राजवंश का बताया जा रहा है यह फूलदान

यह फूलदान 16 इंच का है और चीनी मिट्टी का बना हुआ है। यह क्विंग राजवंश के समय का बताया जा रहा है और इसे सबसे पहले 1970 के एक 'गोइंग फॉर आ सांग' नामक शो में दिखाया गया था। उस समय एक प्राचीन वस्तु विशेषज्ञ ने इसे केवल मामूली मूल्यांकन के साथ एक चतुर रिप्रोडक्शन के रूप में खारिज कर दिया था। हालांकि, उस समय किसी ने यह नहीं सोचा होगा कि सालों बाद यह फूलदान सुर्खियां बटोरेगा।

नीलामी

कब और कहां हुई इस फूलदान की नीलामी?

आपको जानकार हैरानी होगी कि कभी आम समझे जाने वाले इस फूलदान की कीमत 5 अरब रुपये लगाई गई है। इसकी नीलामी बैनब्रिज नामक नीलामी घर ने आयोजित करवाई थी, जो कि यूनाइटेड किंगडम (UK) में स्थित है। बताया जा रहा है कि यह फूलदान 40 साल से एक घर की अटारी में रखा हुआ था। नीलामी घर के प्रबंधक डेविड राय ने कहा, "जिस परिवार को यह विरासत में मिला था, वह इसे भूल चुका था।"

विवरण

1740 में बनाया गया था यह नायाब फूलदान

नीलामी के लिए लाए जाने से पहले एक विशेषज्ञ ने इस फूलदान की अनुमानित कीमत महज 85 हजार रुपये बताई थी। हालांकि, डेविड ने इसे देखते ही इसके ऐतिहासिक महत्व को समझ लिया था। अच्छी तरह शोध करने के बाद पता चला कि यह फूलदान एक खास वस्तु है, जिसे क्विंग राजवंश के 5वें सम्राट कियानलोंग के शासनकाल के दौरान 1740 के आसपास बनाया गया था। विशेषज्ञों के अनुसार, इसे दूसरे ओपियम युद्ध के समय चुरा लिया गया था।

बोली

10 करोड़ रुपये तय की गई थी इसकी अनुमानित कीमत

डेविड ने इस खास फूलदान की अनुमानित कीमत 10 करोड़ रुपये तय की थी। हालांकि, इस फूलदान ने जल्द ही सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया और इसकी बोली बढ़ती चली गई। इसे बेचने वाले परिवार को इसकी कीमत का कोई अंदाजा नहीं था और वे अब भी यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि इसकी बोली अरबों में लगी है। परिवार के एक सदस्य ने कहा, "हम इसकी कीमत से पूरी तरह अचंभित हैं।"