'हीरों की मोनालिसा' कहलाने वाला गुलाबी हीरा 124 करोड़ में बिका, क्या है भारत से संबंध?
क्या है खबर?
स्विट्जरलैंड के जिनेवा में एक गुलाबी रंग वाला हीरा बिका है, जिसे 'हीरों की मोनालिसा' नाम से जाना जाता है। इस हीरे का नाम 'बुल्गारी पिंक' है और यह नीलामी के दौरान 124 करोड़ रुपये में बिका है। सबसे खास बात यह है कि यह भारत से ताल्लुक रखता है और बिक्री के बाद से काफी चर्चा में आ गया है। इस हीरे ने कई रिकॉर्ड भी तोड़ दिए हैं। आइए जानते हैं कि इसका भारत से क्या संबंध है।
हीरा
भारत से खरीदा गया था यह नायाब हीरा
यह बेशकीमती हीरा लगभग 70 साल से एक परिवार के पास था, जिन्होंने 10 नवंबर को इसे नीलाम करवाया। इसे 1950 के दशक में भारत की मशहूर गोलकुंडा खदानों से खरीदा गया था, जिनमें से कोहिनूर जैसे कई विश्व प्रसिद्ध हीरे निकले थे।
इसे विक्रेता के परदादा-परदादी ने 1950 के दशक में खरीदा था और बाद में इसे रोम में बुलगारी ले जाकर अंगूठी में जड़वाया गया था। इसकी नीलामी क्रिस्टीज नाम के नीलामीघर ने करवाई है।
नीलामी
24 कैरेट का है यह दुर्लभ हीरा
नीलामीघर को उम्मीद थी कि यह हीरा 100 से 151 करोड़ रुपये के बीच बिक सकता है। हालांकि, बेचने वाले परिवार के साथ-साथ सभी के होश उड़ गए, जब इसकी कीमत 124 करोड़ रुपये लगी।
24 कैरेट का यह हीरा न केवल अपने आकार, बल्कि अपने जीवंत रंग के लिए भी नायाब माना जा रहा है। इसके विशाल आकार का इसके गुलाबी रंग पर कोई असर नहीं नजर आया है, जो आम तौर पर देखने को मिलता ही है।
दुर्लभता
क्या है हीरे की खासियत?
यह हीरा 'टाइप-IIa' श्रेणी का है, जो बेहद दुर्लभ है। इसमें नाइट्रोजन या बोरॉन जैसी अशुद्धियां नहीं पाई गई हैं। इसे 'फैंसी इंटेंस पिंक' के रूप में भी वर्गीकृत किया गया है, जो कि रंगों की एक बहुत ही मांग वाली श्रेणी है।
जेमोलॉजिकल इंस्टीट्यूट ऑफ अमेरिका में रिसर्च और पहचान विभाग के सीनियर वाइस-प्रेसिडेंट डॉ वुयी वांग ने कहा, "गुलाबी हीरे दुर्लभ होते हैं, लेकिन रत्नों के बीच इस आकार और गुणवत्ता वाला हीरा बहुत ही दुर्लभ है।"
गुलाबी रंग
हीरे को कैसे मिला उसका गुलाबी रंग?
वांग ने आगे कहा, "GIA द्वारा जांचे गए अधिकांश प्राकृतिक गुलाबी हीरे एक कैरेट से भी कम वजन के होते हैं। हालांकि, 'बुलगारी पिंक' 24.00 कैरेट का है, जिसका रंग 'फैंसी इंटेंस पिंक' है और स्पष्टता VVS2 है।"
वांग के मुताबिक, हीरे को उसका गुलाबी रंग नाइट्रोजन वैकेंसी सेंटर्स की वजह से मिला है, जो प्राकृतिक गुलाबी हीरों की एक बेहद खास विशेषता है।
इसका एमराल्ड कट हीरे की आंतरिक विशेषताओं को छिपाने के बजाय उन्हें उजागर करता है।