मोटरसाइकिल बनाने वाले व्यक्ति ने पानी पर सबसे दूर तक बाइक चलाकर बनाया विश्व रिकॉर्ड
क्या है खबर?
एक समय पर लोग सपने देखा करते थे की कभी पानी पर गाड़ियां दौड़ेंगी। हालांकि, चीन के एक मोटरसाइकिल बनाने वाले व्यक्ति ने यह सच कर दिखाया है। यह कमाल मोटरसाइकिल निर्माता ZXMOTO के संस्थापक झांग ज्यू ने किया है। उन्होंने सबसे लंबी दूरी तक पानी पर बाइक चलाने का नया विश्व रिकॉर्ड बना डाला है। आइए झांग के इस बेहतरीन रिकॉर्ड के बारे में विस्तार से जान लेते हैं।
रिकॉर्ड
बाइक से पानी पर तय की कितनी दूरी?
25 अक्टूबर को हुनान प्रांत स्थित हुइहुआ के मायांग मियाओ स्वायत्त काउंटी में यह रिकॉर्ड स्थापित किया गया। झांग ने चेन नदी पर मॉडिफाइड MX450 नाम की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करके 25.3 मील तक की सवारी की।
इस स्टंट के लिए उन्हें एक मॉडिफाइड मोटरसाइकिल से खुले पानी पर तय की गई सबसे लंबी दूरी के विश्व रिकॉर्ड का खिताब दिया गया। इससे उनका नाम गिनीज बुक में शामिल हो गया है।
प्रयास
रिकॉर्ड के लिए बाइक में किए खास बदलाव
झांग ने पानी पर चलाने के लिए अपनी मोटरसाइकिल में खास तरह के बदलाव किए थे। उन्होंने उसमें एक एम्फीबियस स्की जोड़ी थी, जिसकी मदद से इस वाहन को जमीन और पानी, दोनों पर चलाया जा सकता है।
बाइक ने पानी को पीछे की ओर धकेलने के लिए अपने पिछले टायर का इस्तेमाल किया, जिससे वह पानी पर आगे की दिशा में बढ़ने लगी। इससे ही यह इतनी दूरी तक पानी पर भी चल सकी थी।
झांग
बदलावों ने आसान बनाया रिकॉर्ड प्रयास
झांग ने पानी पर बाइक चलाने का सपना पहली बार 2009 में देखा था और तभी से वह इसके लिए प्रयास कर रहे थे। उन्होंने अपनी बाइक में एक बड़ा ईंधन टैंक भी लगाया था और अतिरिक्त वाटरप्रूफिंग भी की थी।
इन बदलावों का मकसद लंबी दूरी की चुनौती पूरी करने में मदद करना था, जिसमें एक ही दिशा में बिना रुके बाइक चलाने के बजाय कई बार उसे आगे-पीछे दौड़ना शामिल था।