9.33 करोड़ रुपये की पाब्लो पिकासो की पेंटिंग बिकी लगभग 11 हजार रुपये में, जानिए क्यों
क्या है खबर?
स्पेन में जन्में महान पेंटर पाब्लो पिकासो की कला ने पूरी दुनिया को अपना मुरीद बना रखा है। आज भी उनकी एक-एक पेंटिंग की कीमत करोड़ों में होती है। दुनियाभर के संग्रहालयों और प्रदर्शनियों में उनकी कलाकृतियां प्रदर्शित की जाती हैं, लेकिन हाल ही में उनकी 9.33 करोड़ रुपये की पेंटिंग लगभग 11 हजार रुपये में बिकी है। आइए जानते हैं कि क्यों इतनी महंगी पेंटिंग इतने कम रुपये में बेची गई है।
कारण
कैसे इतने कम रुपये में बिकी पेंटिंग?
पिकासो की पेंटिंग इतने कम रुपये में बिकने का कारण है कि इसे एक लॉटरी में बेचा गया है, जिसका आयोजक पेरिस में स्थित क्रिस्टी नीलामी घर था। '100 यूरो में 1 पिकासो' लॉटरी का तीसरा संस्करण पिकासो की पेंटिंग 'हेड ऑफ अ वुमन' के लिए था। इस पेंटिंग में चित्र डोरा मार का है, जो लंबे समय तक पिकासो की साथी रही थी। कागज पर गौचे रंगों से बनी यह पेंटिंग पिकासो ने साल 1941 में बनाई थी।
उद्देश्य
लॉटरी की टिकट से इकट्ठा हुआ दान का पैसा
इस लॉटरी का आयोजन निलामी घर ने अल्जाइमर अनुसंधान के लिए दान इकट्ठा करने के लिए किया था। आयोजकों ने बताया कि दुनियाभर में इस लॉटरी के 1,20,000 टिकट बिक गए थे, जिससे 130 करोड़ से ज्यादा रुपये की राशि प्राप्त हुई थी, जिसका एक छोटा-सा हिस्सा ओपेरा गैलरी को दिया गया, जबकि बाकि की राशि अल्जाइमर अनुसंधान को दी गई। इसके बाद लॉटरी टिकट का विजेता घोषित किया गया, जो कि 58 वर्षीय एरी होदारा हैं।
बयान
लॉटरी में पिकासो की पेंटिंग जीतकर बहुत खुश हैं एरी होदारा
एरी होदारा ने खुद को पिकासो का प्रशंसक और कला प्रेमी बताते हुए कहा, "मुझे एक रेस्टोरेंट में भोजन करते समय इस लॉटरी के बारे में पता चला था, जिसके बाद मैनें 117 डॉलर (लगभग 11 हजार रुपये) में इसका टिकट खरीदा, फिर जब बीते दिन यानी 14 अप्रैल को मेरे को पता चला कि मैं ही इसका विजेता बना हूं तो मुझे विश्वास ही नहीं हुआ।" उन्होंने आगे कहा कि वह इस पेंटिंग को पाकर बहुत खुश हैं।
अन्य पेंटिंग
इससे पहले भी लॉटरी के जरिए बेची जा चुकी है पिकासो की पेंटिंग
इस तरह की लॉटरी का शुरूआत साल 2013 में की गई थी, जिसका विजेता पेनसिल्वेनिया में रहने वाला एक व्यक्ति था। उसने पिकासो की 'मैन इन द ओपेरा हैट' पेंटिंग जीती थी, जिसे पेंटर ने साल 1914 में अपने क्यूबिस्ट काल के दौरान बनाया था। इसके बाद साल 2020 में पिकासो की एक पेंटिंग 'स्टिल लाइफ' को ऐसी ही एक लॉटरी में बेचा गया था, जिसे इटली की एक अकाउंटेंट क्लाउडिया बोर्गोग्नो ने जीता था।