अमेरिका: टूथब्रश और स्कूप से जेल की दीवार में छेद बनाकर फरार हुए 2 कैदी
क्या है खबर?
हम सभी ने अक्सर फिल्मों में देखा है कि कैसे कैदी छोटी-छोटी चीजों का इस्तेमाल करके जेल की दीवार में छेद बनाकर वहां से फरार हो जाते हैं। ऐसा ही कुछ अमेरिका के वर्जीनिया में स्थित न्यूपोर्ट न्यूज जेल में हुआ है।
वहां के 2 कैदी टूथब्रश और मेटल स्कूप का इस्तेमाल कर जेल से फरार हो गए। हालांकि, फरार होने के 7 घंटे बाद पुलिस ने उन्हें वापस गिरफ्तार करते हुए फिर से जेल में पहुंचा दिया।
मामला
क्या है मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 43 वर्षीय अर्ली निमो और 37 वर्षीय जॉन गार्जा नामक दो कैदियों ने मूल रूप से जेल के निर्माण डिजाइन में कमजोरी का फायदा उठाया।
उन्होंने सोमवार को कथित तौर पर टूथब्रश और एक मेटल के स्कूप का इस्तेमाल करके सबसे पहले जेल की दीवार में छेद बनाया। इसके बाद उसी छेद की मदद से दोनों कैदी जेल से फरार हो गए।
जानकारी
कैदी की तलाश के लिए जारी हुआ आदेश
न्यूपोर्ट न्यूज शेरिफ कार्यालय के एक बयान के मुताबिक, जब अधिकारियों ने कैदियों की गणना की तो उसमें 2 कैदी लापता पाए गए, जिसके बाद सतर्कता के लिए अलार्म बज गए। इसके बाद राज्य में दोनों कैदियों की तलाशी के लिए आदेश जारी किया गया।
गिरफ्तारी
रेस्टोरेंट में नाश्ता करते हुए पकड़े गए दोनों कैदी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आदेश जारी होने के बाद नागरिकों ने दोनों कैदियों को हैंपटन में स्थित IHOP (इंटरनेशनल हाउस ऑफ पैनकेक्स) नामक रेस्टोरेंट में नाश्ता करते हुए पहचान लिया और फिर उन्होंने इसकी जानकारी अधिकारियों को दे दी।
इसके बाद कैदियों के फरार हो जाने के लगभग 7 घंटे बाद मंगलवार सुबह 4:20 बजे पुलिस ने उन्हें वापस से हिरासत में ले लिया।
अंत में शेरिफ कार्यालय ने स्वीकार किया कि न्यूपोर्ट न्यूज जेल के निर्माण कार्य में गलती है।
आरोप
इन आरोपों के कारण जेल में बंद थे दोनों कैदी
जानकारी के मुताबिक, हैंपटन निवासी जॉन गर्जा को कोर्ट की अवमानना, परिवीक्षा उल्लंघन और कोर्ट में पेश होने में विफलता सहित अन्य आरोपों में गिरफ्तार किया गया था।
दूसरी ओर ग्लूसेस्टर में रहने वाले अर्ली निमो क्रेडिट कार्ड धोखाधड़ी, क्रेडिट कार्ड की चोरी, औजारों की चोरी, कोर्ट की अवमानना और परिवीक्षा उल्लंघन सहित अन्य आरोपों के लिए हिरासत में था।