Page Loader
हंगरी: किशोर ने 1 मिनट में 1 हाथ से 25 पुल-अप्स करके बनाया विश्व रिकॉर्ड
किशोर ने 1 हाथ से पुल-अप्स करके बनाया विश्व रिकॉर्ड

हंगरी: किशोर ने 1 मिनट में 1 हाथ से 25 पुल-अप्स करके बनाया विश्व रिकॉर्ड

लेखन अंजली
Nov 09, 2023
12:41 pm

क्या है खबर?

पुल-अप्स एक कठिन एक्सरसाइज है क्योंकि लटकते हुए हाथों के जरिए पूरे शरीर के वजन को ऊपर की ओर खींचना हर किसी के बस की बात नहीं होती है। ऐसे में जरा सोचिए कि 1 हाथ से लटकते हुए ऐसा करना कितना मुश्किल होगा। हालांकि, हंगरी के 18 वर्षीय लेवेंटे अरनी-टोथ नामक एक किशोर ने 1 हाथ से 1 मिनट में 25 पुल-अप करके गिनीज बुक में अपना नाम दर्ज कराया है। आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।

रिकॉर्ड

लेवेंटे ने तोड़ा चीन के युवक का रिकॉर्ड 

लेवेंटे से पहले यह रिकॉर्ड चीन के ली जेचुआन के नाम था, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में 1 हाथ से 1 मिनट में 24 पुल-अप्स करके रिकॉर्ड बनाया था। गिनीज बुक के मुताबिक, लेवेंटे 14 साल की उम्र से कैलिस्थेनिक्स कर रहे हैं और उन्होंने इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए लगभग 6 महीने तक गहन प्रशिक्षण लिया। उन्होंने इसके लिए किसी पेशेवर की मदद नहीं ली क्योंकि वह खुद इसे अपने दम पर इसे हासिल करना चाहते थे।

प्रयास

2 प्रयास में असफल रहे थे लेवेंटे

लेवेंटे ने पहले 2 बार इस रिकॉर्ड को तोड़ने का प्रयास किया था, लेकिन दोनों बार असफल रहे। उन्होंने सबसे पहला प्रयास अक्टूबर, 2022 में किया था, लेकिन दुर्भाग्य से उनका पुल-अप फॉर्म आवश्यक मानकों को पूरा नहीं कर पाया। इसके बाद इसी साल अप्रैल में लेवेंट ने दोबारा प्रयास किया और उन्होंने पिछले रिकॉर्ड की बराबरी तक सफलतापूर्वक पुल-अप्स किए, लेकिन उससे आगे नहीं बढ़ पाए। अब तीसरे प्रयास में वे सफल हो गए हैं।

एक्सरसाइज

1 हाथ से पुल-अप्स करने के लिए लेवेंटे ने की बहुत मेहनत

लेवेंट ने मीडिया से कहा कि जब उन्हें दूसरी बार भी जीत नहीं मिली तो उन्होंने अधिक जोर लगाने का फैसला किया। इसके लिए उन्होंने अपने बॉडीबिल्डिंग प्रशिक्षण को जारी रखने के अलावा प्रति सप्ताह 3 बार 60 मिनट के सत्र करते हुए फिर से प्रशिक्षण शुरू किया। 3 महीने तक उन्होंने पुल-अप्स के अलावा अपने बाइसेप्स या पीठ से जुड़ी कोई एक्सरसाइज नहीं की। इससे उन्हें अपना काफी वजन घटाने में मदद मिली।

तरीका

लेवेंटे ने ऐसे तोड़ा रिकॉर्ड

वजन घटाने और इतनी गहन तैयारी के बाद लेवेंटे अपने तीसरे प्रयास के लिए तैयार हुए उन्होंने पहले 15 पुल-अप लगभग एक पुल-अप प्रति सेकंड की तीव्र गति से किए और अंतिम 10 को 3-4 सेकेंड के सेट में पूरा किया और फिर थककर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद लेवेंटे को लगा कि वह तीसरी बार भी असफल हो गए हैं, लेकिन जब आयोजकों ने बताया कि वह विश्व रिकॉर्ड बना चुके हैं तो वे बहुत खुश हुए।

अन्य रिकॉर्ड

24 घंटे में 8,008 पुल-अप्स करके व्यक्ति ने बनाया विश्व रिकॉर्ड 

इसी साल मार्च में ऑस्ट्रेलिया के रहने वाले जैक्सन इटालियनो ने भी न्यू साउथ वेल्स में 24 घंटे में 8,008 पुल-अप्स करके गिनीज विश्व रिकॉर्ड बनाया था। वह चैरिटी समूह डिमेंशिया ऑस्ट्रेलिया के लिए धन जुटाना चाहते थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जैक्सन एक देखभाल केंद्र में काम करने के बाद रिकॉर्ड बनाने का प्रयास करने के लिए प्रेरित हुए। 24 घंटे की अवधि के अंदर उन्होंने दान के लिए 6,000 डॉलर यानी लगभग 5 लाख रुपये जुटाए।