Page Loader
जिम्बाब्वे बनाम दक्षिण अफ्रीका: वियान मुल्डर ने टेस्ट में लगाया अपना दूसरा शतक, जानिए उनके आंकड़े 
मुल्डर ने टेस्ट में लगाया अपना दूसरा शतक (तस्वीर: एक्स/@ProteasMenCSA)

जिम्बाब्वे बनाम दक्षिण अफ्रीका: वियान मुल्डर ने टेस्ट में लगाया अपना दूसरा शतक, जानिए उनके आंकड़े 

Jun 30, 2025
03:32 pm

क्या है खबर?

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर वियान मुल्डर ने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट की अपनी दूसरी पारी में शतक लगाया है। यह उनके टेस्ट करियर का सिर्फ दूसरा शतक है। उनके शतक की मदद से प्रोटियाज टीम ने 350 से अधिक रन की कुल बढ़त बनाते हुए मैच में अपनी पकड़ बना ली है। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

ऐसी रही मुल्डर की पारी 

दक्षिण अफ्रीका ने जब अपनी दूसरी पारी में सिर्फ 1 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब मुल्डर क्रीज पर आए। बुलवायो में मेजबान गेंदबाजों ने एक के बाद एक विकेट चटकाए। इस बीच मुल्डर ने दूसरा छोर संभाले रखा। नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए आए मुल्डर ने तीसरे दिन के पहले सत्र में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। उन्होंने इस टेस्ट की पहली पारी में 17 रन बनाए थे।

जानकारी

मुल्डर ने गेंदबाजी में भी किया था कमाल 

शतक लगाने से पहले मुल्डर ने गेंदबाजी में भी कमाल किया था। उन्होंने जिम्बाब्वे की पहली पारी के दौरान 50 रन देते हुए 4 विकेट लिए थे। उनकी उम्दा गेंदबाजी के चलते मेजबान टीम पहली पारी में 251 रन ही बना सकी थी।

आंकड़े 

मुल्डर के टेस्ट करियर पर एक नजर 

मुल्डर ने 2019 में अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था। उन्होंने अब तक 20 टेस्ट की 33 पारियों में 700 से अधिक रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 2 शतक के अलावा 1 अर्धशतक लगाया है। वह जिम्बाब्वे से पहले बांग्लादेश के खिलाफ भी शतक जड़ चुके हैं। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 25.22 की औसत के साथ 35 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 32 रन देते हुए 4 विकेट लेना रहा है।

लेखा-जोखा 

दक्षिण अफ्रीका ने मैच में की पकड़ मजबूत 

दक्षिण अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी में तीसरे दिन के लंच तक 185/5 का स्कोर बनाया है। पहली पारी के आधार पर बढ़त हासिल करने वाली मेहमान टीम की कुल बढ़त फिलहाल 352 रन की हो गई है। इस समय मुल्डर 104 रन बनाकर क्रीज पर नाबाद हैं। उनका साथ विकेटकीपर बल्लेबाज काइल वेरिन (5*) निभा रहे हैं। जिम्बाब्वे की ओर से विंसेंट मासेकेसा और तनाका चिवांगा ने 2-2 विकेट लिए हैं।