Page Loader
जिम्बाब्वे बनाम स्कॉटलैंड: रयान बर्ल ने वनडे क्रिकेट में अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया, जानिए उनके आंकड़े
रयान बर्ल ने जिम्बाब्वे के लिए शानदार पारी खेली (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

जिम्बाब्वे बनाम स्कॉटलैंड: रयान बर्ल ने वनडे क्रिकेट में अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया, जानिए उनके आंकड़े

Jul 04, 2023
08:11 pm

क्या है खबर?

जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम और स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम के बीच खेले गए विश्व कप क्वालीफायर में सुपर सिक्स के छठे मुकाबले में रयान बर्ल ने 83 रन की शानदार पारी खेली। यह उनके वनडे करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। उन्होंने मैच में जिम्बाब्वे के लिए अकेले ही संघर्ष किया। उनकी इस शानदार पारी के बावजूद टीम को जीत नहीं मिल पाई और वह मुकाबला 31 रन से हार गए। आइए बर्ल की पारी और उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी

कैसी रही बर्ल की पारी?

जिम्बाब्वे की टीम 235 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी थी, लेकिन 91 रन तक उसके 5 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। उसके बाद बर्ल बल्लेबाजी करने आए। उन्होंने 84 गेंद का सामना किया और 83 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 1 छक्का लगाया। उनकी स्ट्राइक रेट 85.00 की रही। उन्होंने वेसली मधेवेरे के साथ 74 गेंद में 73 रन की साझेदारी निभाई। उनके अलावा जिम्बाब्वे का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया।

करियर

कैसा रहा है बर्ल का वनडे करियर?

बर्ल ने अपना पहला वनडे मुकाबला अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2017 में खेला था। उन्होंने अब तक 47 मैच खेले हैं। इस दौरान 25.29 की औसत से 860 रन बनाए हैं। वह 6 अर्धशतक लगा चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 83 रन रहा है। उन्होंने अपने वनडे करियर में 69 चौके और 22 छक्के लगाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 83.33 की रही है। वह वनडे में अभी तक एक भी शतक नहीं लगा पाए हैं।

मुकाबला

ऐसा रहा रोचक मुकाबला 

स्कॉटलैंड ने मैच में पहले बल्लेबाजी की और मैकब्राइड (28) और मैथ्यू क्रॉस (38) ने 56 रन की सधी हुई शुरुआत दिलाई। इसके बाद स्कॉटलैंड की पारी में नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। मध्यक्रम में माइकल लीस्क ने 48 रन की पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में 37 रन तक अपने 4 विकेट खोने वाली जिम्बाब्वे से बर्ल (83) और वेसली मधेवेरे (40) ने संघर्ष दिखाया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।

टी-20

ऐसा रहा है बर्ल का टी-20 करियर

बर्ल ने टी-20 क्रिकेट में जिम्बाब्वे के लिए 58 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 25.94 की औसत और 117.76 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। बर्ल ने 2 अर्धशतक की मदद से 882 रन बनाए हैं। टी-20 में बर्ल ने 39 विकेट भी झटके हैं। वनडे में उनके नाम 19 विकेट है। बर्ल ने टेस्ट क्रिकेट में भी 3 मैच खेला है। हालांकि, टेस्ट में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है।