जिम्बाब्वे बनाम ओमान: कश्यप प्रजापति ने वनडे करियर का दूसरा शतक लगाया, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
विश्व कप क्वालीफायर्स के सुपर-6 के पहले मैच में ओमान क्रिकेट टीम के बल्लेबाज कश्यप प्रजापति ने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार शतक (103) लगाया है।
यह उनके वनडे करियर का दूसरा शतक है। उन्होंने इसे 93 गेंदों में पूरा किया। इस टूर्नामेंट में वह इससे पहले आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 72 रन की पारी खेल चुके हैं। हालांकि, अन्य मुकाबलों में वह कुछ खास नहीं कर पाए थे।
आइए उनकी पारी पर एक नजर डालते हैं।
पारी
कैसी रही कश्यप की पारी?
जिम्बाब्वे ने पहली पारी में 332 रन बनाए थे। जवाब में ओमान ने 29 रन पर पहला विकेट खो दिया।
इसके बाद कश्यप ने पारी को संभाला। उन्होंने अपनी शतकीय पारी में 12 चौके और 1 शानदार छक्का भी लगाया।
उनकी स्ट्राइक रेट 106.19 की रही। उन्होंने आकिब इलयास (45) के साथ 99 गेंद में 83 रन की साझेदारी निभाई।
यह ओमान के किसी भी खिलाड़ी द्वारा टेस्ट खेलने वाले देश के खिलाफ लगाया गया पहला शतक है।
करियर
कैसा रहा है कश्यप का वनडे करियर?
कश्यप ने ओमान के लिए वनडे क्रिकेट में अब तक 29 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 28 पारियों में 30 से ज्यादा की औसत से 800 से ज्यादा रन बनाए हैं।
इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 6 अर्धशतक लगाए हैं। वह 1 बार नॉटआउट भी रहे हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 76 से ज्यादा की रही है।
कश्यप ने अपना पहला वनडे मुकाबला 26, सितंबर 2021 को पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ खेला था।
करियर
कैसा रहा है कश्यप का लिस्ट- A करियर?
कश्यप ने लिस्ट-A क्रिकेट में अब तक 28 मैच खेले हैं। इसकी 27 पारियों में उन्होंने 29.25 की औसत से 790 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 75.16 की रही है।
वह अपने लिस्ट- A करियर में अब तक 1 शतक और 5 अर्धशतक भी लगा चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 रन रहा है। वह अब तक 78 चौके और 12 छक्के भी लगा चुके हैं।
कश्यप ने लिस्ट-A क्रिकेट का पहला मैच साल 2021 में खेला था।
टी-20
टी-20 क्रिकेट में कश्यप के आंकड़े
कश्यप ने टी-20 क्रिकेट में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 17 अक्टूबर, 2021 को पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ खेला था।
उन्होंने अब तक 18 मुकाबले खेले हैं और इसकी 17 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 317 रन बनाए हैं। उनकी औसत 21.13 की रही है।
उन्होंने 108.93 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 2 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 74 रन रहा है।